सीएनई रिपोर्टर
राजधानी से एक दर्दनाक हादसे में दो सगे भाईयों की ट्रक से हुई भीषण टक्कर में दर्दनाक मौत हो गई है। शाम को दुकान बंद कर यह दोनों बाइक से घर लौट रहे थे तभी एक तेज रफ्तार ट्रक उन्हें जोरदार टक्कर मार निकल गया। लहूलुहान हालत में इन्हें अस्पताल लाया गया गया जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बंसत विहार थाना क्षेत्र अंतर्गत यह दुर्घटना गत देर रात्रि हुई है। बताया जा रहा है कि पटेलनगर निवासी दो सगे भाई प्रीतम सिंह (47 साल) और करतार सिंह (30 साल) अपनी प्रेमनगर स्थित ऑप्टिकल की दुकान से बाइक से अपने घर पटेल नगर लौट रहे थे। इस दौरान अम्बिवाला टी स्टेट देहात क्षेत्र में अचानक पीछे से आ रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर बाइक को मार दी। दोनों भाई सड़क पर ही गिर कर गम्भीर रूप से घायल हो गये।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से इन्हें अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने इन्हें मृत घोषित कर दिया। इधर थाना प्रेमनगर प्रभारी धनराज बिष्ट ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है। जल्द ही उसकी गिरफ्तारी हो जायेगी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है।