HomeBreaking Newsतिब्बती मार्केट शूटआउट: देहरादून में दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या

तिब्बती मार्केट शूटआउट: देहरादून में दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या

CNE REPORTER, देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून एक बार फिर अपराध की बड़ी वारदात से दहल उठी है। बुधवार को शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शुमार तिब्बती मार्केट में दिनदहाड़े एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायल अवस्था में युवक को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 40 वर्षीय अर्जुन शर्मा के रूप में हुई है, जो एक रिटायर्ड कर्नल के पुत्र बताए जा रहे हैं।

तिब्बती मार्किट में एक शख्स को गोली मार दी गई

यह भी पढें – मंगलसूत्र लुटेरा फिरोज गांधी चढ़ा पुलिस के हत्थे

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डालनवाला कोतवाली क्षेत्र स्थित तिब्बती बाजार में अचानक गोली चलने की आवाज सुनते ही लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। वहां अर्जुन शर्मा खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को फौरन अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

यह भी पढेंडायल 112 पर फायरिंग की झूठी सूचना, युवक का 5000 का चालान

टेनिस खेलकर लौटते वक्त हुआ हमला

पुलिस के अनुसार, अर्जुन शर्मा परेड ग्राउंड में नियमित रूप से टेनिस खेलने आते थे। बुधवार को भी वे खेल खत्म कर घर लौट रहे थे, तभी स्कूटी सवार दो युवकों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए। अर्जुन आईटीबीपी क्षेत्र में रहते थे और जीएमएस रोड पर ‘अमरदीप’ नाम से भारत गैस एजेंसी के मालिक थे।

प्रॉपर्टी विवाद बना हत्या की वजह?

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या के पीछे करोड़ों रुपये की संपत्ति को लेकर पारिवारिक विवाद हो सकता है। पुलिस का कहना है कि अर्जुन और उनके भाई को उनकी मां द्वारा संपत्ति से बेदखल किया गया था। इस विवाद को लेकर मामला अदालत में भी लंबित था।

गढ़वाल आईजी राजीव स्वरूप ने बताया कि मृतक के पारिवारिक व्यवसाय और संपत्ति विवाद को लेकर लंबे समय से तनाव चल रहा था। यहां तक कि अर्जुन की मां ने अपने बेटे से जान का खतरा बताते हुए हाईकोर्ट से सुरक्षा भी मांगी थी।

घटना के बाद एसएसपी देहरादून अजय सिंह खुद अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पूरे शहर में नाकेबंदी कर दी गई है। सभी प्रमुख चौराहों और चेक पोस्ट पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

यह भी पढें – बकरी चराने जंगल गए पशुपालक पर भालू का हमला, हालत गंभीर

दोस्त का दावा: पहले भी मिल चुकी थीं धमकियां

अर्जुन शर्मा के मित्र राजीव यादव ने बताया कि अर्जुन को पहले भी कई बार जान से मारने की धमकियां मिल चुकी थीं। इस संबंध में उन्होंने एसएसपी और थाना वसंत विहार में शिकायत भी दर्ज कराई थी। राजीव ने एक व्यक्ति का नाम लेते हुए उस पर लगातार धमकी देने का आरोप लगाया है।

पत्नी ने जताया साजिशन हत्या का शक

मृतक की पत्नी अभिलाषा शर्मा ने कोतवाली डालनवाला में तहरीर देकर पति की साजिश के तहत हत्या कराए जाने का संदेह जताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी सास बीना शर्मा का विनोद उनियाल, उनकी पत्नी संगीता उनियाल और डॉ. अजय खन्ना के साथ पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। अर्जुन द्वारा इसका विरोध करने पर पारिवारिक कलह और बढ़ गई थी। पत्नी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दो हफ्तों में चौथा मर्डर, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

इस ताजा वारदात के साथ ही देहरादून जिले में महज दो हफ्तों के भीतर चार हत्याएं हो चुकी हैं। 29 जनवरी को विकासनगर में छात्रा की हत्या, 31 जनवरी को ऋषिकेश में महिला की गोली मारकर हत्या और 2 फरवरी को मच्छी बाजार में एक युवती की हत्या ने पहले ही पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए थे। अब तिब्बती मार्केट की घटना ने दहशत और बढ़ा दी है।

पुलिस का दावा: जल्द होगा खुलासा

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। पूरे मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही हत्याकांड का खुलासा करने का दावा किया जा रहा है।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments