नई दिल्ली | भीषण गर्म के बाद देश के उत्तरी-पश्चिमी राज्यों में मौसम बदला है। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश में बुधवार शाम से ही रुक-रुक कर बारिश हो रही है। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के 20 से ज्यादा राज्यों में आज (गुरुवार को) आंधी-तूफान और बारिश की संभावना जताई है।
UP के लखनऊ, कानपुर समेत 16 जिलों में सुबह से ओले गिरने के साथ बारिश जारी है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 14 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, बिहार में बीते 24 घंटे में आकाशीय बिजली गिरने से 22 की मौत हुई हैं। आज 8 जिलों में ऑरेंज, जबकि 24 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। बिजली गिरने से UP के फतेहपुर में 2 बच्चों, फिरोजाबाद में एक महिला और सीतापुर में किसान की मौत हो हुई।
इधर, IMD के मुताबिक, मध्य प्रदेश, राजस्थान और गुजरात में हीटवेव की संभावना है। हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ के चलते राजस्थान के 16 जिलों में बारिश के आसार हैं। MP में भी लू के बीच बुधवार को ओले गिरे और हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग ने उज्जैन-ग्वालियर संभाग में लू चलने का अलर्ट जारी किया है, जबकि 17 जिलों में बारिश होने की संभावना है।
अगले 2 दिन कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरी-पश्चिमी राज्यों के मैदानी इलाकों में अगले 2 दिन बारिश की संभावना है। उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, असम, अरुणाचल और नागालैंड में बारिश और ओले गिरने की संभावना है। केरल, तमिलनाडु और आंध्र में अगले दो दिन तक कई जगहों पर बारिश होगी। वहीं, गुजरात, राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में हीटवेव जैसी स्थिति बन सकती है। तापमान 40 डिग्री पार पहुंच सकता है। अगले 2 दिन उत्तर-पश्चिमी भारत, गुजरात और महाराष्ट्र में अधिकतम तापमान में कोई बदलाव नहीं होगा। उसके बाद 4 दिन तापमान 2-4 डिग्री तक तापमान नीचे आ सकता है।
यूपी में जोरदार बारिश-बिजली, 4 की मौत
यूपी में गुरुवार सुबह मौसम अचानक बदल गया। लखनऊ-कानपुर समेत 19 शहरों में तेज बारिश हो रही है। बहराइच, लखीमपुर खीरी और पीलीभीत में ओले भी गिरे। हजारों बीघा फसल खराब हो गई है। बिजली गिरने से 4 लोगों की मौत हो गई। लखनऊ में सुबह 8 बजे अंधेरा छा गया। 50 से 60 किमी की स्पीड से तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश शुरू हो गई। इतनी बारिश हुई कि सड़कें तालाब बन गईं। आसमान में लगातार बिजली चमक रही है। हवा इतनी तेज चल रही कि कई कॉलोनियों की बिजली गुल हो गई है। छतों पर रखे गमले नीचे गिर गए। बिजली के पोल और पेड़ उखड़े गए।
कानपुर में भी ऐसा ही हाल है। यहां भी अचानक अंधेरा छाया, फिर जोरदार बारिश हुई। अंधेरे के चलते गाड़ियों को हेडलाइन ऑन करना पड़ा। बारिश के चलते कई कालोनियों में पानी भर गया। वाराणसी में धूल भरी आंधी चल रही है। अंधेरा छा गया है। बहराइच में इतने ओले गिरे कि सड़कों पर चादर सी बिछ गई। लखीमपुर में आंधी के कारण 300 गांवों की बिजली गुल हो गई। सीएम योगी ने आंधी-बारिश को देखते हुए अफसरों को अलर्ट रहने को कहा है। उन्होंने निर्देश दिया कि अधिकारी प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे करें और राहत कार्यों पर नजर रखें। जलजमाव होने पर जल निकासी की व्यवस्था कराएं।