╰┈➤ आयोजन समिति ने प्रेसवार्ता कर रखा सम्मेलन का विवरण
╰┈➤ देशभर से तमाम लोग एकजुटता से कुमाउंनी के उत्थान पर करेंगे मंथन
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: यहां आगामी 14 व 15 नवंबर, 2026 को आयोजित होने जा रहे 18वें राष्ट्रीय कुमाउंनी भाषा सम्मेलन की तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं। इस सम्मेलन में देश के विभिन्न क्षेत्रों से कुमाउंनी भाषा से जुड़े रचनाकार, कलाकार, संस्कृति कर्मी, रंगकर्मी, कला, भाषा, संगीत, अभिनय, फिल्म, रील व ब्लागर तैयार करने वाले लोग शामिल होने जा रहे हैं। सम्मेलन में अपनी लेखनी व हुनर से कुमाउंनी की जड़ों को सींचने में अहम् भूमिका निभा रहे लोगों को सम्मानित किया जाएगा। इधर, सम्मानित होने वाले लोगों की घोषणा कर दी गई है।
प्रस्ताव पास होंगे और बनेगी कार्ययोजना
इसी सिलसिले में बुधवार को शिखर होटल के कांफ्रेस हाल में आयोजन समिति ने पत्रकारों से बातचीत की। जिसमें कुमाउंनी भाषा न्यास के सचिव एवं कुमाउंनी मासिक पत्रिका ‘पहरू’ के संपादक डा. हयात सिंह रावत ने बताया कि सम्मेलन 14 नंवबर, 2026 को शिखर होटल के सभागार में पूर्वाह्न 11 बजे से शुरू होगा। दो दिन चलने वाले सम्मेलन में कुल 6 सत्र होंगे। पहले दिन उद्घाटन सत्र में कुमाउंनी भाषा की प्राचीनता, साहित्य, कुमाउंनी को आठवीं अनुसूचि में शामिल करने के संबंध में मंथन होगा, दूसरे सत्र में कुमाउंनी साहित्य की विकास यात्रा तथा दशा व दिशा और तीसरे सत्र में कुमाउंनी में लोक साहित्य, संगीत, कला, लोक वाद्य, रंगमंच, सिनेमा, सोशल मीडिया उपयोग आदि पर चर्चा होगी। दूसरे दिन पहले सत्र में कुमाउंनी भाषा और युवा पीढ़ी पर मंथन, दूसरे सत्र में कुमाउंनी के विकास में महिलाओं की भूमिका पर चर्चा होगी जबकि अंतिम व छठे सत्र में कुमाउंनी कवि सम्मेलन होगा। इन सत्रों में गहन मंथन के बाद अगली कार्ययोजना तैयार होगी और प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। इन्हीं सत्रों के बीच में सम्मान प्रदान किए जाएंगे। जिनमें विभिन्न वार्षिक पुरस्कारों के अलावा 7 लेखन पुरस्कारों के अंतर्गत 21 लोगों को सम्मानित किया जाएगा।प्रेसवार्ता में कुमाउंनी भाषा न्यास के सचिव डा. हयात सिंह रावत, आयोजन समिति के संयोजक मंडल के विनय किरौला, आयोजन समिति के सचिव हयात सिंह बिष्ट, पूर्व शिक्षा अधिकारी चंद्रशेखर बनकोटी आदि शामिल रहे।
सम्मानित होने वाले लोगों की सूची


































