अल्मोड़ा : धूमधाम से मनाया गया राज्य स्थापना दिवस, राज्य आंदोलनकारी सम्मानित

अंतर्राष्ट्रीय बैडमिन्टन खिलाड़ी लक्ष्य सेन, चिराग सेन व अदिति भट्ट एवं महिला क्रिकेटर एकता बिष्ट सम्मानित सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा राज्य स्थापना दिवस की 21 वीं…

  • अंतर्राष्ट्रीय बैडमिन्टन खिलाड़ी लक्ष्य सेन, चिराग सेन व अदिति भट्ट एवं महिला क्रिकेटर एकता बिष्ट सम्मानित

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा

राज्य स्थापना दिवस की 21 वीं वर्षगांठ जनपद में हर्षोल्लास के साथ मनायी गयी। जनपद मुख्यालय में केबिनेट मंत्री व जनपद के प्रभारी मंत्री बिशन सिंह चुफाल ने बतौर मुख्य अतिथि राज्य स्थापना दिवस के कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया। शहीद राज्य आन्दोलनकारी स्व. प्रताप सिंह बिष्ट की पत्नी श्रीमती पुष्पा देवी को उनके निवास स्थान पर जाकर शॉल ओढ़ाकर एवं पुष्पमाला से सम्मानित किया गया। इस दौरान अल्मोड़ा का गौरव बढ़ाने के लिए अंतर्राष्ट्रीय बैडमिन्टन खिलाड़ी लक्ष्य सेन, चिराग सेन व अदिति भट्ट और अन्तराष्ट्रीय महिला क्रिकेटर एकता बिष्ट को सम्मानित किया गया।

नवीन कलेक्ट्रेट में हुए कार्यक्रम में देहरादून से मुख्यमंत्री के अभिभाषण का लाईव प्रसारण हुआ, जिसे उपस्थित लोगों द्वारा सुना गया। कार्यक्रम में राज्य निर्माण में अहम भूमिका निभाने वाले राज्य आन्दोलनकारियों को फूल मालाओं से सम्मानित किया गया, वहीं विभिन्न तहसीलों में भी राज्य आन्दोलनकारियों को सम्बन्धित उप जिलाधिकारियों द्वारा सम्मानित किया गया। साथ ही शहीद राज्य आन्दोलनकारी स्व. प्रताप सिंह बिष्ट की पत्नी श्रीमती पुष्पा देवी को उनके निवास स्थान पर जाकर शॉल ओढ़ाकर एवं पुष्पमाला से
सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री ने जनपदवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनायें देते हुए कहा कि राज्य निर्माण के सभी अमर शहीदों व राज्य आन्दोलनकारियों की बदौलत हमें आज पृथक उत्तराखण्ड में निवास करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि राज्य आन्दोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सभी लोगों को आज याद करने का दिन है। कार्यक्रम में उपस्थित विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य हमें अनेक लोगों के अथक प्रयासो व शहादत के बाद प्राप्त हुआ है। जिसमें मातृशक्ति, व्यापारियों के साथ-साथ कर्मचारियों का पूर्ण सहयोग रहा है।

जिलाधिकारी वन्दना सिंह ने राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनायें देते हुए सभी उपस्थित लोगों का धन्यवाद किया। उन्होंने राज्य आन्दोलनकारियों को नमन करते हुए सभी अधिकारियों से जनपद की प्रगति एवं विकास के लिए अपनी पूर्ण क्षमता से कार्य करने का आह्वान किया। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग उत्तराखण्ड द्वारा प्रकाशित विकास पुस्तिका ‘‘विकल्प रहित संकल्प, नये इरादे युवा सरकार, उत्तराखण्ड विकास के स्वर्णिम पथ पर” का विमोचन उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों द्वारा किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने विभागों के स्टॉल लगाये गये थे। जिसमें उपस्थित लोगों को अपने विभागों की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों व अन्य लोगों सम्मानित किया गया।

इस दौरान अल्मोड़ा गौरव के लिए अंतर्राष्ट्रीय बैडमिन्टन खिलाड़ी लक्ष्य सेन, चिराग सेन व अदिति भट्ट और अन्तराष्ट्रीय महिला क्रिकेटर एकता बिष्ट को सम्मानित किया गया। कोविड काल, वैक्सीनेशन एवं बहुउद्देशीय शिविरों में बेहतर कार्य करने वाले चिकित्सा विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कोविड वैक्सीनेशन की शत-प्रतिशत प्रथम एवं द्वितीय डोज पूर्ण करने पर ब्लॉक धौलादेवी ग्राम पंचायत चिटौला व लमगड़ा ब्लॉक की ग्राम पंचायत बलिया एवं तुलेड़ी की आशा, ऑगनबाड़ी कार्यकत्रि एवं ग्राम प्रधान को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में दिव्यांग एवं नये मतदाताओं को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किये गये। विगत दिनों आयी आपदा के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले एसडीआरएफ के जवानों व राजस्व विभाग के कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। वहीं बाल विकास विभाग के ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ योजना के अन्तर्गत विशेष उपलब्धि प्राप्त करने वाली महिलाओं व 2 पुत्री वाले अभिभावकों को भी सम्मानित किया गया। कृषि विभाग के अन्तर्गत किसान भूषण सम्मान से किसानों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में विहान समाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था व हिमाद्री सांस्कृतिक संस्था द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विभिन्न विद्यालयों जिनमें आर्य कन्या इण्टर कालेज, मानस पब्लिक स्कूल व विवेकानन्द बालिका इण्टर कालेज आदि के बच्चों द्वारा मनमोहक प्रस्तुतिया दी। राज्य स्थापना दिवस कार्यक्रमों की कड़ी में शहीद स्मारक पर माल्यार्पण कर शहीदों को याद किया गया। इससे पूर्व प्रातः नन्दादेवी से प्रभात फेरी निकाली गयी जिसमें नगर के गणमान्य व्यक्तियों, अधिकारियों, कर्मचारियों व स्कूली बच्चों ने प्रतिभाग किया। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर क्रास कन्ट्री रेस का भी आयोजन किया गया जिसमें बच्चों ने बढ़चढ़ कर प्रतिभाग किया।

कार्यक्रमों में पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, सहकारी बैंक के जिलाध्यक्ष ललित लटवाल, नगरपालिका अध्यक्ष प्रकाश चन्द्र जोशी, विनीत बिष्ट, बैडमिन्टन एसोशिएसन के सचिव बीएस मनकोटी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पंकज भट्ट, मुख्य विकास अधिकारी नवनीत पाण्डे, गिरीश मल्होत्रा, मनोज सनवाल, जेसी दुर्गापाल, के अलावा कई गणमान्य व्यक्ति व जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. कैलाश डोलिया ने किया।

इधर सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय अल्मोड़ा में कुलपति प्रो. नरेंद्र सिंह भंडारी की अध्यक्षता में हर्षोल्लास के साथ राज्य स्थापना दिवस मनाया गया। कुलपति प्रोफेसर भंडारी ने कहा कि राज्य अब अपने युवावस्था में पहुंच गया है। हमने राज्य स्थापना के उपरांत कई क्षेत्रों में कीर्तिमान रचे हैं। यह हमारे लिए हर्ष का विषय है। उन्होंने कहा की राज्य बनने के उपरांत परिवर्तन आया है। आरंभ से विकास की कई गतिविधियां गतिमान हैं।

पर्वतीय राज्य आंदोलन को लेकर अपने अनुभवों को साझा करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलन को लेकर उस समय कई राज्य आंदोलनकारी समितियां जिम्मेदारियां समझते हुए कार्य कर रही थीं, जिनमें प्रमुख संस्थाओं के रूप में पर्वतीय कर्मचारी शिक्षक संगठन में मैंने भी बढ़चढ़कर कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई। केंद्रीय स्तर पर कार्य कर रही संघर्ष समितियों के साथ भी पर्वतीय राज्य को लेकर कार्य किया। अल्मोड़ा में स्वर्गीय पीसी जोशी को स्मरण करते हुए कहा कि स्व. जोशी जी के नेतृत्व में अल्मोड़ा में बहुत शांत तरीके से पर्वतीय राज्य आंदोलन को लेकर भागीदारी निभाई। उन्होंने कहा कि पर्वतीय राज्य के विकास के लिए सभी सकारात्मक होकर अपना योगदान दें।

इस अवसर पर डीन शैक्षिक प्रो.शेखर जोशी को कलाश्रय द्वारा चतुर्थ सरस्वती सम्मान दिए जाने पर कुलपति प्रो भंडारी ने बधाइयां दी। इस अवसर पर परीक्षा नियंत्रक प्रो. सुशील कुमार जोशी, डीन अकादेमिक प्रो.शेखर जोशी, लियाकत अली (विश्वविद्यालय क्रीड़ा प्रभारी), विपिन जोशी, देवेंद्र पोखरिया, त्रिलोक बिष्ट, कैलाश छिमवाल,एम एम पांडे, वीरेंद्र जोशी, डॉ. ललित जोशी (विश्वविद्यालय मीडिया प्रभारी) और गोविंद मेर आदि सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *