╰┈➤ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गड्ढों में बैठ कर किया व्यंग्यात्मक विरोध
╰┈➤ रेखा आर्या के गृह क्षेत्र की सड़कों की दुर्दशा का मामला
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के विधानसभा क्षेत्र सोमेश्वर की सड़कों की दुर्दशा को उजागर करने के लिए गुरुवार को कांग्रेस ने विरोध का अनोखा अंदाज प्रस्तुत किया। सोमेश्वर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने बारिश के पानी लबालब भरे गड्ढों में बैठ कर व्यंग्तात्मक रूप से विरोध दर्ज किया। उन्होंने सड़कों पर बने इन गड्ढों को ‘सड़क पर स्विमिंग पूल’ और ‘खाल-खंतियों’ की संज्ञा दी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि विकास की बात करने वाली भाजपा सरकार के कैबिनेट मंत्री के गृह क्षेत्र की सड़कों पर स्विमिंग पूल बने हैं।

दरअसल, सोमेश्वर क्षेत्र की सड़कों की हालत खराब चल रही है। इन सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं, जिससे यात्री व चालकों को आवाजाही में भारी परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं और जगह-जगह दुर्घटना की आशंका बनी है। सड़कों की इस दुर्दशा के खिलाफ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया और इनकी दशा अविलंब ठीक करने की मांग उठाई। व्यंग्यात्मक विरोध के तहत कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क में उन स्थानों पर पहुंचे, जहां बड़े-बड़े गड्ढे बने हैं और बारिश के पानी से लबालब भरकर वह तलैया बने हैं। उन्होंने इन गड्ढों में बैठकर कटाक्ष किया मंत्री रेखा आर्या के क्षेत्र में अब तक जनता सड़क के इन गड्ढों को विकास समझने की भूल कर रही थी, परंतु बारिश में पता चला कि यह विकास नहीं बल्कि सड़कों पर स्विमिंग पूल व खाल-खंतियां हैं।
कांग्रेसजनों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र की सड़कें बदहाल स्थिति में हैं, जिससे आम जनता, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से क्षेत्र की जर्जर सड़कों का शीघ्र सुधार कराने की मांग करते हुए कहा कि यदि जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, तो जनहित में व्यापक आंदोलन किया जाएगा। कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष राजू भट्ट के नेतृत्व में हुए इस विरोध प्रदर्शन में युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष भुवन दोसाद, पूर्व जिला पंचायत सदस्य किशोर नयाल व सुरेश बोरा, जिला पंचायत सदस्य संतोष कुमार, प्रकाश खाती, लक्ष्मण मेहरा, कैलाश कुमार, हीरा मेहरा, राजेन्द्र बोरा आदि शामिल रहे।


