► अल्मोड़ा के जागेश्वरधाम में 16 जुलाई से एक माह तक रहेगी हर-हर महादेव की गूंज
► डीएम अंशुल सिंह ने तैयारियों पर किया फोकस, बोले- हर श्रद्धालु सुखद अनुभूति लेकर लौटे

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: विश्व प्रसिद्ध जागेश्वरधाम में एक माह तक चलने वाले श्रावणी मेले आगामी 16 जुलाई से आगाज होगा। इस बार इस मेले में एक लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचने की उम्मीद की जा रही है। जिला प्रशासन श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्थाएं करने में जुटा है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि इस पवित्र धाम से हर श्रद्धालु सुखद अनुभूति लेकर लौटे। मेले की तैयारियों की समीक्षा करते हुए बीते बुधवार को जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने जरूरी निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं।
इस बार 16 जुलाई से 15 अगस्त तक अल्मोड़ा जिले के प्रसिद्ध जागेश्वरधाम श्रावणी मेला लगेगा। बीते वर्ष इस मेले में करीब एक लाख श्रद्धालु पहुंचे थे, लेकिन इस बार माना जा रहा है कि इससे कहीं अधिक संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे। ऐसे में उनकी सुविधाएं बढ़ाने तथा सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने पर ज्यादा ध्यान दिया जा रहा है, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने पाए। मालूम हो कि जागेश्वर धाम विश्व प्रसिद्ध धाम है, जहां सालभर श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहता है और हर बरस श्रावण मास में पूरे एक माह श्रावणी मेला चलता है, इस मास में इस धाम की महत्ता और अधिक बढ़ जाती है। जागेश्वरधाम अटूट आस्था का प्रमुख केंद्र होने के साथ ही पर्यटन गतिविधियों और स्थानीय लोगों की आजीविका का भी महत्वपूर्ण आधार है।
इसी क्रम में जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने श्रावणी मेले की तैयारियों की समीक्षा के लिए बीते बुधवार को संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। जिसमें अब तक की तैयारियों की जानकारी ली और सख्त निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर समयबद्ध तरीके से मेले से जुड़ी व्यवस्थाओं को अंजाम दें। उन्होंने कहा कि गत वर्ष की तुलना में इस बार श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रहने की संभावना है। इसलिए श्रद्धालुओं की अनुमानित संख्या के अनुरूप तैयारियां होनी जरूरी हैं। उन्होंने परिवहन व्यवस्था, पार्किंग, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत, शौचालय, स्वास्थ्य सेवाओं तथा मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि मेले में किसी भी श्रद्धालु को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने पाए और श्रद्धालु जागेश्वर धाम से सुखद एवं सकारात्मक अनुभव लेकर लौटें। उन्होंने विभागों से कहा कि वे अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करें।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने इस बात का ध्यान रखने को कहा है कि श्रावणी मेले का सुव्यवस्थित एवं सफल आयोजन पूरे जनपद की प्रतिष्ठा से भी जुड़ा है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों से समन्वित प्रयासों के साथ बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, उप जिलाधिकारी जैंती/भनोली सौम्या गर्ब्याल, तहसीलदार/प्रबंधक जागेश्वर मंदिर समिति ज्योति धपवाल सहित जागेश्वर के हितधारक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



