CNE REPORTER, हल्द्वानी। नैनीताल जिले के काठगोदाम थाना क्षेत्र अंतर्गत गौलापार स्थित एक होटल में शनिवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक व्यक्ति ने Facebook Live में आने के बाद खुद को गोली मारकर जान दे दी।
गोली की आवाज से होटल में अफरा-तफरी मच गई। मृतक की पहचान उधम सिंह नगर के काशीपुर निवासी करीब 40 वर्षीय सुखवंत सिंह के रूप में हुई है, जो पत्नी और बेटे के साथ होटल में ठहरा हुआ था।
पुलिस के अनुसार, घटना रात करीब ढाई बजे की है। सुखवंत सिंह होटल के कमरे में मौजूद था, जबकि उसकी पत्नी और बेटा कुछ ही देर पहले बाहर निकले थे। इसी दौरान कमरे से गोली चलने की आवाज आई। जब परिजन कमरे में पहुंचे तो सुखवंत खून से लथपथ हालत में पड़ा हुआ था। उसे तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आत्महत्या से पहले फेसबुक लाइव, लगाए गंभीर आरोप
घटना से पहले सुखवंत सिंह ने फेसबुक लाइव (Facebook Live) के जरिए एक वीडियो जारी किया था, जिसमें उसने प्रॉपर्टी डीलरों और उधम सिंह नगर पुलिस के कुछ अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए। वीडियो में उसने करीब 4 करोड़ रुपये के कथित जमीन फर्जीवाड़े, मानसिक प्रताड़ना और जबरन समझौते का दबाव बनाने की बात कही है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि सुखवंत सिंह आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश पहले ही कर रहा था। पत्नी और बेटे ने उसे रोकने का प्रयास किया, इस दौरान छीना-झपटी भी हुई, जिसमें हल्की चोटें आईं। इसके बाद पत्नी और बेटा मदद के लिए कमरे से बाहर गए और उसी दौरान उसने खुद को गोली मार ली।
मृतक के पिता तेजा सिंह ने बताया कि उनका बेटा लंबे समय से जमीन के विवाद को लेकर मानसिक तनाव में था। आरोप है कि फैक्ट्री की जमीन के बदले मिले करीब 4 करोड़ 70 लाख रुपये से जमीन खरीदने के दौरान प्रॉपर्टी डीलरों ने धोखाधड़ी की और फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए। शिकायत के बावजूद पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, जिससे उनका बेटा टूट चुका था।
पुलिस की जांच, कई एंगल खंगाले जा रहे
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। कमरे से हथियार, मोबाइल फोन और निजी दस्तावेज बरामद किए गए हैं। फेसबुक लाइव वीडियो, कॉल डिटेल, चैट और सुसाइड नोट को जांच में शामिल किया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पत्नी और बेटे के बयान दर्ज कर लिए गए हैं।
फिलहाल, पुलिस जमीन विवाद, लगाए गए आरोपों और आत्महत्या के पीछे की परिस्थितियों की गहन जांच कर रही है।

