शराब की दुकान में एसडीएम का छापा, ओवररेटिंग और कई खामियां उजागर

0
नैनीताल के कैंचीधाम में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, शराब दुकान में ओवररेटिंग और गड़बड़ी

एसडीएम कैंचीधाम की बड़ी कार्रवाई

सीएनई रिपोर्टर, सुयालबाड़ी। उप जिला मजिस्ट्रेट (एसडीएम) मोनिका ने कैंचीधाम में जिलाधिकारी के निर्देश पर मौना स्थित एक अंग्रेजी शराब की दुकान पर छापा मारा। इस दौरान शराब की ओवररेटिंग, सीसीटीवी के काम न करने और ग्राहकों को बिल न देने जैसी कई बड़ी अनियमितताएं सामने आईं। एसडीएम ने इस मामले में आगे की कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेज दी है।


ADVERTISEMENTS

ग्राहकों ने की ओवररेटिंग की शिकायत

मंगलवार शाम को एसडीएम मोनिका, कानूनगो पेशकार नरेश असवाल और राजस्व निरीक्षक कमल चंद्र जोशी के साथ अचानक मौना की शराब की दुकान पर पहुंचीं। जांच के दौरान, कई ग्राहकों ने शिकायत की कि उन्हें शराब तय कीमत से अधिक दाम पर बेची जा रही है।

सीसीटीवी और बिलिंग मशीन में भी खामी

जांच में पता चला कि दुकान में लगा सीसीटीवी कैमरा बिजली जाते ही बंद हो जाता है और सेल्समैन पुराना डेटा नहीं दिखा पाए। इसके अलावा, बिलिंग मशीन काउंटर पर मौजूद नहीं थी और चालू हालत में भी नहीं थी, जिसके कारण किसी भी ग्राहक को बिल नहीं दिया जा रहा था। एक सेल्समैन बिना आईडी कार्ड पहने काम कर रहा था। हालांकि, दुकान में रेट लिस्ट और क्यूआर कोड चस्पा पाया गया।

इस कार्रवाई से शराब विक्रेताओं में हड़कंप मच गया है। मामले की रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेज दी गई है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ADVERTISEMENTS