स्वास्थ्य केंद्र में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, इंटर कॉलेज में अतिथि शिक्षक अनुपस्थित
जिलाधिकारी को भेजी जा रही है विस्तृत रिपोर्ट
सीएनई रिपोर्टर, गरमपानी। बुधवार को क्षेत्र की व्यवस्थाओं को परखने के लिए उप जिलाधिकारी कैंचीधाम मोनिका आर्या ने गरमपानी और खैरना क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और स्वच्छता से जुड़े विभिन्न विभागों का जायजा लिया। उप जिलाधिकारी ने सरकारी कार्यालयों में कर्मचारियों की उपस्थिति और क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं की स्थिति को बारीकी से देखा।



निरीक्षण की शुरुआत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी से हुई। यहाँ प्रशासनिक अधिकारी ने चिकित्सा व्यवस्थाओं और स्टाफ की उपस्थिति पंजिका की जांच की। जांच के दौरान केंद्र के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर जगदीश पटपटिया अनुपस्थित पाए गए। अस्पताल प्रशासन को निर्देशित किया गया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शिक्षा विभाग की स्थिति जानने के लिए उप जिलाधिकारी राजकीय प्राथमिक विद्यालय खैरना और राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) खैरना पहुंचे। प्राथमिक विद्यालय में व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं, लेकिन राजकीय इंटर कॉलेज के निरीक्षण के दौरान अतिथि शिक्षक बरखा आर्या ड्यूटी से गैरहाजिर मिलीं। अन्य सभी शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारी अपने कार्यों का निर्वहन करते पाए गए।

विद्युत, जल संस्थान और आंगनबाड़ी केंद्रों की जांच
निरीक्षण का क्रम आगे बढ़ाते हुए उप जिलाधिकारी ने विद्युत उपकेंद्र गरमपानी, आंगनबाड़ी केंद्र गरमपानी और जल संस्थान खैरना-गरमपानी का रुख किया। इन संस्थानों में उपस्थिति पंजिका के साथ-साथ कार्यप्रणाली का भी अवलोकन किया गया। यहाँ सभी अधिकारी, चिकित्सक और कर्मचारी उपस्थित पाए गए और विभागीय कार्य सुचारू रूप से चलते मिले।
खैरना बाजार में स्वच्छता व्यवस्था का जायजा
सार्वजनिक सुविधाओं के अंतर्गत उप जिलाधिकारी ने खैरना बाजार का भ्रमण किया। यहाँ उन्होंने नालियों की सफाई और सामान्य सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाजार क्षेत्र में गंदगी न होने पाए और जल निकासी की व्यवस्था को सदैव दुरुस्त रखा जाए ताकि स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों को परेशानी न हो।
निरीक्षण के दौरान मिली खामियों, विशेषकर अधिकारियों और शिक्षकों की अनुपस्थिति को गंभीरता से लिया गया है। उप जिलाधिकारी ने बताया कि पूरे निरीक्षण की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर जिलाधिकारी महोदय को प्रेषित की जा रही है, ताकि संबंधितों के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही की जा सके। इस संपूर्ण निरीक्षण अभियान के दौरान राजस्व निरीक्षक नरेश असवाल और जितेन्द्र मेहता मुख्य रूप से उपस्थित रहे।


