रास्ता रोककर छात्रा का हाथ पकड़ा
भीड़ के सामने भी दिखाता रहा हेकड़ी, फिर हुई धुनाई
हरिद्वार। धर्मनगरी के कनखल थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक नाबालिग छात्रा का रास्ता रोककर उसके साथ बदतमीजी करना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोपी की पहचान रियाज के रूप में हुई है, जो इलाके में दूध बेचने का काम करता था। मंगलवार को छात्रा का हाथ पकड़ने की हिमाकत करने पर स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और आरोपी की जमकर धुनाई कर दी गई।



प्राप्त जानकारी के अनुसार, कनखल क्षेत्र में रहने वाली एक नाबालिग छात्रा पिछले 5-6 दिनों से मानसिक प्रताड़ना झेल रही थी। रियाज नाम का युवक स्कूल आते-जाते समय अक्सर उसका रास्ता रोकता और अश्लील फब्तियां कसता था। मंगलवार सुबह जब छात्रा हमेशा की तरह स्कूल जा रही थी, तब आरोपी ने सारी हदें पार करते हुए सार्वजनिक रूप से उसका हाथ पकड़ लिया। छात्रा के शोर मचाने पर आसपास के लोग तुरंत मौके पर जमा हो गए।
हैरानी की बात यह रही कि रंगे हाथ पकड़े जाने के बाद भी आरोपी रियाज के चेहरे पर कोई शिकन नहीं थी। शर्मिंदा होने के बजाय वह बीच-बचाव करने आए लोगों से ही उलझने लगा और अपनी दबंगई दिखाने लगा। आरोपी की इस बदतमीजी ने आग में घी का काम किया, जिससे आक्रोशित भीड़ ने उसे मौके पर ही दबोच लिया और उसकी जमकर “खातिरदारी” कर दी। हालांकि, इस हंगामे के बीच मौका पाकर आरोपी एक बार वहां से भागने में सफल रहा।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना के बाद छात्रा की मां ने कनखल थाने पहुंचकर लिखित तहरीर दी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए हरिद्वार के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने तत्काल कड़े निर्देश जारी किए। एसपी सिटी अभय सिंह और सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी के मार्गदर्शन में कनखल थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने बिना समय गंवाए दबिश दी और कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी रियाज को सलाखों के पीछे पहुँचा दिया।
आरोपी रियाज के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज
कनखल पुलिस ने आरोपी रियाज पुत्र हुसैन अली (निवासी गुर्जर बस्ती, पदार्था) के खिलाफ छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रशासन ने साफ कर दिया है कि महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
“पीड़ित छात्रा की मां की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और अब कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।” — देवेंद्र सिंह रावत, थाना प्रभारी, कनखल


