╰┈➤ बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष जुटकर जताया विरोध
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद रैली स्थल पर कथित रूप से गंगाजल छिड़क कर एवं यज्ञ कर ‘शुद्धीकरण’ करने की घटना का यहां कांग्रेस ने जमकर विरोध किया। आज शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी अल्मोड़ा के बैनर तले कांग्रेसजन बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष जुटे, जहां सत्याग्रह किया। कांग्रेस नेताओं ने इस घटना को संविधान की मूल भावना, सामाजिक समरसता और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताया।


सत्याग्रह के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह भोज ने कहा कि भारत का संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, सम्मान और गरिमा के साथ जीवन जीने का अधिकार देता है। बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने अपना पूरा जीवन जातिगत भेदभाव और छुआछूत जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ संघर्ष करते हुए देश को समानता और सामाजिक न्याय का रास्ता दिखाया। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति की जाति या सामाजिक पृष्ठभूमि के आधार पर किसी कार्यक्रम स्थल को ‘अपवित्र’ मानना और वहां शुद्धीकरण कार्यक्रम करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण मानसिकता का परिचायक है। भोज ने कहा कि खड़गे देश के वरिष्ठ राजनेता और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। उन्होंने कहा कि संविधान की भावना का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में किसी भी व्यक्ति को उसकी जाति के कारण अपमानित करने की मानसिकता के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए।
विधायक मनोज तिवारी कहा कि कांग्रेस पार्टी विभाजनकारी और भेदभावपूर्ण सोच के खिलाफ हमेशा मजबूती से खड़ी रही है और आगे भी खड़ी रहेगी। कांग्रेस का संघर्ष किसी धर्म या आस्था के खिलाफ नहीं है, बल्कि जाति के आधार पर भेदभाव और सामाजिक अपमान की मानसिकता के खिलाफ है। विधायक तिवारी ने कहा कि संविधान सर्वोपरि है और भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था में हर नागरिक की गरिमा समान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि इस घटना पर जिम्मेदार लोगों को सार्वजनिक रूप से अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए और समाज में गलत संदेश देने वाली ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकनी चाहिए। सत्याग्रह के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘संविधान जिंदाबाद’, ‘बाबा साहब अमर रहें’, ‘सामाजिक समानता जिंदाबाद’ के नारे लगाए और भेदभाव के खिलाफ भी नारेबाजी करते हुए विरोध जताया।
कार्यक्रम मैं मनोज तिवारी, प्रकाश चंद्र जोशी, तारा चन्द्र जोशी, आनंद सिंह बिष्ट, राधा बिष्ट, दीप डांगी, अरविंद रौतेला, जगदीश तिवारी, केशव दत्त पांडे, तारा चन्द्र साह, गोपाल सिंह, चंदन सिंह भोज, बचीराम, अम्बीराम आर्य, हरिराम आर्य, तारा तिवारी, किरण आर्य, गीता मेहरा, जया जोशी, गीता पांडेय, राधा तिवारी, फेमिना खान, पारितोष जोशी, बिशन सिंह बिष्ट, एनडी पाण्डेय, नवीन कोहली, दिनेश पाण्डेय, नरेंद्र सिंह अधिकारी, निर्मल रावत, प्रताप राम, भुवन गहरवाल, नाथ सिंह धानक, पारस नाथ, मुकेश कुमार डैनी, देव सिंह भोजक, नरेश बाराकोटी, अशोक गोस्वामी, पूरन रौतेला, मनोज वर्मा, कार्तिक साह, हेम आर्य, आनंद कनवाल, हेम चंद्र तिवारी, जगदीश तिवारी, मुकेश नेगी, विकास कुमार, दिनेश पिलख्वाल, दीपक कुमार, मयंक बिष्ट, निर्मल रावत, दीपेश कांडपाल, अरविंद रौतेला, मयंक बिष्ट, हिमांशु कांडपाल, जितेंद्र सिंह अधिकारी, वैभव पांडे, दिनेश पांडे, निजाम कुरैशी, घनश्याम गुरुरानी, गौरव बर्मा, पंकज पॉल मेसी, इसरार अहमद आदि मौजूद रहे।


