पिरुल सफाई और नियंत्रित फुकान अभियान
सीएनई रिपोर्टर, रामगढ़ : वनाग्नि की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से वन विभाग ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। सोमवार को नैनीताल वन प्रभाग की उत्तरी गौला रेंज के अंतर्गत कपिलेश्वर कक्ष संख्या 10 में सड़क के दोनों ओर सघन पिरुल सफाई एवं नियंत्रित फुकान (Control Burning) का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न किया गया।



इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जंगलों में आग फैलाने वाले संवेदनशील कारकों को समय रहते हटाना है, ताकि गर्मियों के सीजन में वनों को सुरक्षित रखा जा सके।
सफाई अभियान के साथ-साथ वन विभाग की टीम ने सामाजिक उत्तरदायित्व का निर्वहन करते हुए मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों को वनाग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। विभाग द्वारा लोगों से अपील की गई कि वे जंगलों में ज्वलनशील पदार्थ न फेंकें और वनाग्नि दिखने पर तत्काल सूचित करें।
अभियान में शामिल टीम
इस महत्वपूर्ण कार्य को संपन्न करने वाली टीम में वन क्षेत्राधिकारी विजय भट्ट, वन दरोगा संजय टम्टा, वन आरक्षी बिपिन बिष्ट, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी धर्मानन्द शर्मा, राजकीय वाहन चालक मनोज कैड़ा तथा फायर वाचर नन्द किशोर, नवीन सनवाल एवं रामेश्वर शामिल रहे।


