➤ अल्मोड़ा कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र भोज ने परेशान युवाओं को दिलाया विश्वास
➤ परीक्षा प्रणाली में खामियों पर सरकार को घेरा, युवाओं के लिए हर स्तर पर लड़ेगी कांग्रेस

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: देश की सबसे प्रतिष्ठित मेडिकल परीक्षा ‘NEET’ के बार-बार विवादों में घिरने, आए वक्त पेपर लीक होने और परीक्षा प्रणाली में खामियों से लाखों छात्र/युवा अपने भविष्य को लेकर परेशान हैं और उनके अभिभावकों को भी इन हालातों ने गहरी चिंता में डाल दिया है। अब कांग्रेस मजबूती के साथ इन युवाओं के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी और युवाओं की मेहनत, प्रतिभा और सपनों की रक्षा के लिए संघर्ष करेगी।
यह बात बुधवार को यहां कांग्रेस कार्यालय में प्रेसवार्ता करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने कही। उन्होंने कहा कि आज देश का युवा अपने भविष्य को लेकर असुरक्षा महसूस कर रहा है। वर्षों की कड़ी मेहनत, दिन-रात की पढ़ाई और परिवारों के आर्थिक त्याग के बावजूद परीक्षा की निष्पक्षता पर ही सवाल खड़े हो जाएं, तो यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है। भोज ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का स्पष्ट मानना है कि शिक्षा और रोजगार से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही युवाओं के साथ अन्याय है। पिछले कुछ वर्षों में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, परीक्षा रद्द होने और भर्ती प्रक्रियाओं में गड़बड़ियों की घटनाएं लगातार सामने आई हैं। इससे देश के करोड़ों युवाओं का विश्वास सरकारी संस्थाओं से उठता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि NEET जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में अनियमितता से सीधा असर उन लाखों छात्रों पर पड़ता है, जो डॉक्टर बनने का सपना देख रहे हैं। एक छात्र कई वर्षों तक तैयारी करता है, परिवार अपनी जमा पूंजी उसकी पढ़ाई पर खर्च करता है, लेकिन जब परीक्षा प्रक्रिया ही संदिग्ध हो जाए, तो उनकी मेहनत और भविष्य पर प्रश्नचिह्न लग जाता है। उन्होंने सरकार से पूछा कि आखिर बार-बार परीक्षा प्रणाली में खामियां क्यों सामने आ रही हैं? युवाओं के भविष्य की सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी है? यदि पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ियां रोकने में संबंधित एजेंसियां असफल रही हैं, तो उनकी जवाबदेही तय क्यों नहीं की जा रही? उन्होंने कहा कि जिला कांग्रेस कमेटी अल्मोड़ा मांग करती है कि NEET से जुड़े सभी मामलों की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराई जाए और पेपर लीक या अन्य अनियमितताओं में शामिल सभी व्यक्तियों और संगठनों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके अलावा परीक्षा संचालन करने वाली एजेंसियों की जवाबदेही तय करने, भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए तकनीकी एवं प्रशासनिक स्तर पर मजबूत व्यवस्था बनाने, छात्रों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए उनकी चिंताओं का समाधान करने की मांगें उठाई हैं।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि युवाओं के सपनों के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता। यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो युवाओं का विश्वास पूरी तरह से टूट जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा छात्रों और युवाओं की आवाज उठाती रही है और आगे भी उठाती रहेगी। उन्होंने छात्रों और अभिभावकों को आश्वस्त किया कि कांग्रेस पार्टी उनके साथ खड़ी है। युवाओं की मेहनत, प्रतिभा और सपनों की रक्षा के लिए कांग्रेस हर स्तर पर संघर्ष करती रहेगी। प्रेसवार्ता में विधायक मनोज तिवारी, महानगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी आदि मौजूद रहे।


