सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा। नगर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस ने नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। मंगलवार 25 अगस्त 2026 को चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के दौरान नो पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने वाले 47 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य नगर के प्रमुख मार्गों पर यातायात को बाधित करने वाले वाहनों पर अंकुश लगाना और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करना है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके ने जनपद के यातायात एवं थाना प्रभारियों को नो पार्किंग क्षेत्रों में प्रभावी कार्रवाई करने तथा नगर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। इन्हीं निर्देशों के क्रम में मंगलवार को पुलिस ने माल रोड और धारानौला क्षेत्र में नो पार्किंग जोन को लेकर विशेष अभियान चलाया।
अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी अल्मोड़ा एवं यातायात बलवन्त सिंह रावत के पर्यवेक्षण में यह अभियान संचालित किया गया। माल रोड क्षेत्र में प्रभारी इंटरसेप्टर सुमित पाण्डे के नेतृत्व में यातायात पुलिस तथा धारानौला क्षेत्र में चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक आनन्द बल्लभ कश्मीरा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों की सघन चेकिंग की।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने ऐसे वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की, जिन्होंने निर्धारित पार्किंग व्यवस्था का पालन न करते हुए अपने वाहन नो पार्किंग क्षेत्र में खड़े किए थे। अभियान के दौरान कुल 47 वाहन चालकों का मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत चालान किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि यातायात नियमों के उल्लंघन और सार्वजनिक मार्गों पर मनमाने ढंग से वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
निर्धारित पार्किंग स्थल का करें इस्तेमाल
अल्मोड़ा पुलिस ने स्थानीय नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि नो पार्किंग क्षेत्रों में अपने वाहन खड़े न करें। वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े किए जाएं, ताकि प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति उत्पन्न न हो और पैदल यात्रियों सहित सभी लोगों को सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन की सुविधा मिल सके।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक वाहन चालक की जिम्मेदारी है। नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने से न केवल यातायात बाधित होता है, बल्कि आपातकालीन सेवाओं और अन्य वाहनों के आवागमन में भी परेशानी उत्पन्न हो सकती है। ऐसे में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुचारू और सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए नियमों का पालन आवश्यक है।












