विशेषज्ञ डॉक्टरों ने दी स्वास्थ्य सेवाएं
ओखलकांडा/नैनीताल। सेवा, सुशासन एवं समर्पण की भावना के साथ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खनस्यु (टाइप-ए) में सोमवार को आयोजित मल्टी स्पेशलिटी स्वास्थ्य शिविर में 207 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया, जबकि 80 मरीजों के एक्स-रे किए गए। शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लोगों को परामर्श और उपचार प्रदान किया। साथ ही पात्र लाभार्थियों के दिव्यांगता (विकलांग) प्रमाण पत्र भी बनाए गए।
स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ ग्राम प्रधान खनस्यु तथा एसीएमओ डॉ. धर्मशक्तू ने फीता काटकर किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के मल्टी स्पेशलिटी शिविर लोगों को एक ही स्थान पर विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम हैं।


विभिन्न विशेषज्ञों ने दी स्वास्थ्य सेवाएं
शिविर में दृष्टि विशेषज्ञ डॉ. आर. के. रस्तोगी सहित नेत्र रोग, ईएनटी, हड्डी रोग, बाल रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग तथा जनरल ओपीडी के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का परीक्षण कर आवश्यक उपचार एवं परामर्श दिया। स्वास्थ्य जांच के साथ आवश्यक दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं।
दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी बनाए गए
शिविर के दौरान पात्र लाभार्थियों के दिव्यांगता (विकलांग) प्रमाण पत्र भी बनाए गए, जिससे ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा मिलेगी।
शिविर में डॉ. कैलाश बृजवाल, डॉ. हिमांशु कांडपाल, डॉ. धीरेंद्र त्रिपाठी, डॉ. हिमांशु नेगी, डॉ. अवनीश दीवान, डॉ. तृप्ति अग्रवाल, एक्स-रे टेक्नीशियन संतोष द्विवेदी, चंदन डायग्नोस्टिक हल्द्वानी के लैब टेक्नीशियन, स्टाफ नर्स भावना जीना, स्टाफ नर्स मोनिका, सीएचओ ममता, एसटीएस मनीष मेहरा, बीपीएम भुवन पपनै, बीसीएम प्रकाश पांडे, आईसीसी मैनेजर दीवान बिष्ट, एएनएम, आशा फैसिलिटेटर एवं आशा कार्यकर्ताओं ने सक्रिय योगदान दिया।
उमेश चंद्र ने संभाली व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी
शिविर की समस्त व्यवस्थाओं का सफल संचालन प्रभारी फार्मासिस्ट अधिकारी उमेश चंद्र द्वारा किया गया। उनके नेतृत्व में स्वास्थ्य शिविर का संचालन सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
स्वास्थ्य विभाग ने की अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील
स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की कि भविष्य में आयोजित होने वाले ऐसे स्वास्थ्य शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाओं का लाभ उठाएं तथा नियमित स्वास्थ्य जांच कराकर अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें।


