बड़ी खबर (उत्तराखंड) : भीमताल विधानसभा से निर्दलीय विधायक राम सिंह कैड़ा भाजपा में शामिल

0

नई दिल्ली/हल्द्वानी। उत्तराखंड के भीमताल से निर्दलीय विधायक राम सिंह कैड़ा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गये हैं। विधायक कैड़ा ने शुक्रवार को यहां केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, भाजपा महासचिव एवं उत्तराखंड के प्रभारी दुष्यंत गौतम, पार्टी के मीडिया विभाग के प्रभारी अनिल बलूनी और उत्तराखंड भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।


ADVERTISEMENTS

इस मौके पर विधायक कैड़ा ने कहा कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है जो अंतरआत्मा की आवाज से जनता के लिए काम करती है। वह देश, समाज और जनता के लिए काम करने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि भाजपा के एक कार्यकर्ता के रूप में वह मजबूती से काम करेंगे।

इस मौके पर ईरानी ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संवैधानिक प्रशासनिक पद पर रहते हुए देश सेवा के दो दशक पूरे किये हैं और इस दौरान संगठन को समाज से जोड़कर भारत के नवनिर्माण में उन्होंने अभूतपूर्व योगदान दिया है। इसी से प्रेरित होकर कैड़ा ने भाजपा में आने का मन बनाया। संगठन की राह पर चलकर वह उत्तराखंड को सशक्त और स्वाभिमानी बनाने में योगदान देंगे, यह कामना करती हूं।’’

बलूनी ने कहा कि पिछले एक माह से लगातार अच्छे नेता भाजपा में शामिल हो रहे हैं। श्री कैड़ा तीसरे विधायक हैं, जिन्होंने इस दौरान भाजपा का दामन थामा है।

उल्लेखनीय है कि कैड़ा से पहले टिहरी जिले की धनोल्टी विधानसभा सीट से निर्दलीय विधायक प्रीतम पंवार और उत्तरकाशी जिले की पुरोला विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजकुमार भाजपा का दामन चुके हैं।

खबरें वही जो समय पर मिले, तो जुड़िये हमारे WhatsApp Group से Click Now

ADVERTISEMENTS