पूरी पुलिस चौकी लाइन हाजिर
CNE REPORTER, रुद्रपुर/काशीपुर: काशीपुर के किसान सुखवंत सिंह की आत्महत्या मामले में मृतक के ‘सुसाइड वीडियो’ में पुलिस पर लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद उधम सिंह नगर पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने इस प्रकरण में लापरवाही और उदासीनता बरतने पर कड़ा रुख अपनाते हुए आईटीआई थानाध्यक्ष कुंदन सिंह रौतेला और उपनिरीक्षक प्रकाश बिष्ट को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही पैगा चौकी की पूरी टीम (10 पुलिसकर्मियों) को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
वीडियो वायरल होने के बाद एक्शन में एसएसपी
हल्द्वानी के गौलापार स्थित एक होटल में किसान सुखवंत सिंह ने आत्महत्या करने से पहले एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया था। इस वीडियो में उन्होंने कुछ स्थानीय लोगों के साथ-साथ पुलिस अधिकारियों पर भी गंभीर आरोप जड़े थे। मामला गरमाते ही एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने अनुशासनिक कार्रवाई की।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि जनता की शिकायतों पर संवेदनहीनता और ड्यूटी में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निलंबित अधिकारियों के अलावा पैगा चौकी के प्रभारी जितेंद्र कुमार सहित कुल 10 पुलिसकर्मियों को मुख्यालय अटैच (लाइन हाजिर) किया गया है।
सीएम धामी ने दिए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश
इस हाई-प्रोफाइल मामले का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए हैं। कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत को इस पूरे प्रकरण की जांच सौंपी गई है। शासन स्तर से निर्देश मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस विभाग अब मामले की तह तक जाने में जुट गया है।
बता दें कि बीती शाम जब किसान का शव काशीपुर पहुंचा, तो वहां भारी संख्या में स्थानीय लोग और किसान एकत्र हो गए। परिजनों ने प्रशासन के सामने तीन मुख्य मांगें रखी थीं। लंबी बातचीत के बाद प्रशासन ने दो मांगों पर लिखित आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजन शव के अंतिम संस्कार के लिए सहमत हुए।

