➠ मार्ग की संवेदनशीलता परखने निरीक्षण पर पहुंचे डीएम अंशुल सिंह
➠ भारी व ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध चेकिंग अभियान के निर्देश

देखिए पूरा VIDEO

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: क्वारब पर बने बाईपास मार्ग पर अब भारी एवं ओवरलोड वाहनों से जोखिम पैदा होने लगा है। यहां भू वैज्ञानिक दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील इस मार्ग का जिलाधिकारी ने औचक निरीक्षण कर जायजा लिया और भारी व ओवरलोड वाहनों के विरूद्ध चेकिंग अभियान चलाकर ठोस कार्रवाई अमल में लाने के सख्त निर्देश दिए हैं। साथ मार्ग में जोखिम बनकर खड़े विद्युत पोल को तुरंत सुरक्षित स्थान पर स्थापित करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने क्वारब बाईपास मोटरमार्ग में भूस्खलन के बाद उत्पन्न संवेदनशील परिस्थिति को देखते हुए सोमवार को स्थलीय निरीक्षण किया। जिसमें मार्ग को भू वैज्ञानिक दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील पाया गया और उन्होंने जन सुरक्षा के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इस मार्ग पर भारी व ओवरलोड वाहनों की आवाजाही से भूस्खलन की संभावना बढ़ गई है। जिलाधिकारी ने इसे गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक तथा संभागीय परिवहन अधिकारी को तत्काल प्रभाव से पुलिस एवं परिवहन विभाग की संयुक्त टीम तैनात करने के निर्देश दिए और कहा कि भारी एवं ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध विशेष सघन चेकिंग की जाए। डीएम ने कहा कि निर्धारित मानकों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और क्षेत्र में निरंतर निगरानी बनाए रखी जाए।
निरीक्षण के दौरान भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में एक विद्युत पोल गंभीर जोखिम की स्थिति में पाया गया। इस पर डीएम ने यूपीसीएल के अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया है कि तत्काल संयुक्त निरीक्षण कर विद्युत पोल का तकनीकी परीक्षण कराया जाए तथा उसे प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित एवं उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। उन्होंने कहा कि पुनः भूस्खलन अथवा भू-धंसाव की स्थिति में विद्युत पोल के क्षतिग्रस्त होने से विद्युत आपूर्ति बाधित होने, जन-धन की हानि तथा राहत एवं बचाव कार्य प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी संजय कुमार, लोनिवि के अधिशासी अभियंता हर्षित गुप्ता, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


