👉 अतिथियों मेयर अजय वर्मा, एडीएम युक्ता मिश्रा व सीएमओ डा. प्रवीण कुमार ने किया शुभारंभ
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: यहां जिला चिकित्सालय में शनिवार को एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण लांच हो गया है। यह वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से लगाई जा रही है। यह टीका 14 वर्ष तक की बेटियों को लगाई जा रही है।

टीकाकरण अभियान का अतिथियों एडीएम युक्ता मिश्रा, मेयर अजय वर्मा, सीएमओ डॉ. प्रवीण कुमार व जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. दीपांकर डेनियल आदि ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। अतिथियों ने बालिकाओं एवं अभिभावकों को टीकाकरण के महत्व के बारे में जागरूक किया और अधिकाधिक संख्या में इस अभियान का लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि विशेष टीकाकरण अभियान आगामी 3 माह तक संचालित किया जाएगा। अभियान की अवधि पूर्ण होने के उपरांत एचपीवी वैक्सीन को नियमित टीकाकरण कार्यक्रम में शामिल कर दिया जाएगा, जिससे पात्र बालिकाओं को निरंतर लाभ मिलता रहे। पहले दिन कुल 9 लाभार्थी बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार ने बताया कि यह पहल बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी 14 वर्ष की बेटियों को समय पर टीकाकरण हेतु अवश्य लाएं। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. दीपांकर डेनियल ने जानकारी दी कि अभियान के दौरान जिले के सभी संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों पर टीकाकरण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग, अल्मोड़ा की ओर से जनपद वासियों से अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की गई है।

