शादी की खुशियां मातम में बदलीं, बेकाबू कार ने ऑटो को मारी जोरदार टक्कर, एक महिला की दर्दनाक मौत

0
बेकाबू कार ने ऑटो को मारी जोरदार टक्कर, एक महिला की दर्दनाक मौत
बेकाबू कार ने ऑटो को मारी जोरदार टक्कर, एक महिला की दर्दनाक मौत

चार मासूम बच्चों समेत 13 लोग जख्मी, युवती का पैर कटकर हुआ अलग

CNE REPORTER, रामनगर। नैनीताल जनपद के रामनगर में सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। राष्ट्रीय राजमार्ग-309 पर टांडा चिल्किया के समीप तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार और सवारियों से भरे टेंपो (ऑटो) की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद टेंपो सड़क पर पलट गया। हादसे में 50 वर्षीय महिला रुखसाना की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार बच्चों समेत 13 लोग घायल हो गए। दुर्घटना में एक युवती का पैर एड़ी के पास से कटकर अलग हो गया। दो गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है, जबकि तीन घायलों का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।


ADVERTISEMENTS

जानकारी के अनुसार, रामनगर के मोहल्ला ऊंटपड़ाव-खताड़ी निवासी एक परिवार के 13 सदस्य सोमवार देर रात टेंपो संख्या UK18TA-1804 में सवार होकर पीरूमदारा स्थित आशीर्वाद बैंक्वेट हॉल में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।

इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-309 पर टांडा चिल्किया में राइस मिल के समीप स्विफ्ट डिजायर कार संख्या UK19TA-1298 और टेंपो की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। वाहन में सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

राहगीरों ने संभाला मोर्चा, घायलों को पहुंचाया अस्पताल

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। टेंपो में फंसे और सड़क पर गिरे घायलों की चीखें सुनकर आसपास के लोग और राहगीर तत्काल मदद के लिए दौड़े। स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को बाहर निकाला और सरकारी अस्पताल तथा निजी अस्पतालों में पहुंचाया।

सरकारी अस्पताल में चिकित्सकों ने 50 वर्षीय रुखसाना को मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। शादी समारोह में शामिल होने निकले परिवार के लिए यह रात जिंदगी का सबसे दर्दनाक हादसा बन गई।

युवती का पैर कटकर हुआ अलग, दो की हालत गंभीर

इस दुर्घटना में 30 वर्षीय चांदनी को बेहद गंभीर चोटें आईं। बताया गया कि उनका पैर एड़ी के पास से कटकर अलग हो गया। पैर को जोड़ने के लिए उन्हें प्लास्टिक सर्जन की देखरेख में उपचार की आवश्यकता बताई गई है।

वहीं रिजवान के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जिसके चलते उन्हें न्यूरोसर्जन के उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया। चांदनी और रिजवान दोनों को गंभीर हालत में उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा गया है।

हादसे में घायल हुए सभी 13 लोगों के नाम

दुर्घटना में घायल लोगों में शोफिया (18), रुक्सार (30), अब्दुल रहमान (8), अनंता (7), हमजा (5), नासिर, सारिया (10), सलीम, शहरीन (14), अरमान (26), चांदनी, रिजवान और अफसाना शामिल हैं।

इन सभी 13 घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में उपचार के लिए पहुंचाया गया। कुछ घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि अन्य का उपचार जारी रहा। निजी अस्पताल में भर्ती चांदनी और रिजवान को गंभीर स्थिति के चलते हायर सेंटर रेफर किया गया।

कार लेकर फरार हुआ चालक, पुलिस ने पकड़ा

हादसे के बाद कार चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस सक्रिय हुई और कार्रवाई करते हुए दुर्घटना में शामिल स्विफ्ट डिजायर कार को कब्जे में लेकर सीज कर दिया। पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है।

पीरूमदारा चौकी प्रभारी वीरेंद्र बिष्ट के अनुसार, मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

एक परिवार की खुशियां मातम में बदलीं

रामनगर की इस दुर्घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों से सड़क पर पैदा होने वाले खतरे को उजागर कर दिया है। शादी समारोह में हंसी-खुशी शामिल होने जा रहे परिवार को रास्ते में ऐसा हादसा झेलना पड़ा, जिसमें एक महिला की जान चली गई और 13 लोग घायल हो गए। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि एक घायल युवती का पैर तक शरीर से अलग हो गया। इस घटना से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

ADVERTISEMENTS