CNE REPORTER, हल्द्वानी : भोटियापड़ाव क्षेत्र में मोटरसाइकिल पर बैठाकर मारपीट करने और मोबाइल फोन सहित नकदी लूटने वाले दो शातिर आरोपियों को पुलिस टीम ने घटना के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया शत-प्रतिशत माल और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। यह त्वरित कार्रवाई पीड़ितों को न्याय दिलाने और क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक अहम कदम है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 28 जून 2026 को वादी प्रदीप सिंह बोरा पुत्र केशर सिंह बोरा, निवासी- ग्राम खूराट, सोमेश्वर, जिला अल्मोड़ा द्वारा कोतवाली हल्द्वानी में एक लिखित तहरीर दी गई। तहरीर के अनुसार, 24 जून 2026 को दो अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाया और एक सुनसान जगह ले जाकर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देकर वादी से उनका एक मोबाइल फोन और ₹2000 की नकदी लूट ली। इस तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में धारा 115(2)/351(2)/351(3)/309(4) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) बनाम अज्ञात के तहत मामला पंजीकृत किया गया और मामले की विवेचना उपनिरीक्षक कृपाल सिंह के सुपुर्द की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद नैनीताल, डॉ. मंजूनाथ टी.सी. द्वारा जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने और अपराधियों की त्वरित गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत, इस घटना की गंभीरता को देखते हुए इसके शीघ्र अनावरण और आरोपियों की गिरफ्तारी के सख्त निर्देश दिए गए थे। इसी आदेश के क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था। पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और सुरागरसी-पतारसी की मदद से दोनों आरोपियों की सटीक पहचान की गई और दिनांक 28 जून 2026 को त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
- अभय सिंह उर्फ उड़ी पुत्र बब्लू सिंह, निवासी- राजपुरा निकट कुष्ठ आश्रम, थाना हल्द्वानी, जिला नैनीताल।
- रवि रौतेला पुत्र स्वर्गीय सुरेन्द्र सिंह, निवासी- फूलचौड़ पंचायतघर, थाना हल्द्वानी, जिला नैनीताल।
बरामदगी का विवरण:
- वादी से लूटा गया 01 अदद मोबाइल फोन।
- लूटी गई नकदी कुल ₹2,000/- (दो हजार रुपये)।
- घटना में प्रयुक्त होण्डा सीबीआर मोटरसाइकिल (जिसे मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज किया गया है)।
इस महत्वपूर्ण बरामदगी के आधार पर दर्ज मामले में धारा 317(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की वृद्धि की गई है।
पुलिस टीम:
इस पूरी कार्रवाई और गिरफ्तारी को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक कृपाल सिंह चौकी प्रभारी भोटिया पड़ाव, कांस्टेबल विजय भारद्वाज तथा कांस्टेबल मुकेश सिंह शामिल रहे।


