लमगड़ा (अल्मोड़ा)। उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। आज दोपहर अल्मोड़ा जनपद के लमगड़ा ब्लॉक से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आ रही है। यहाँ चायखान-बेगानिया मोटर मार्ग पर एक मारुति ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस दुखद हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह भीषण हादसा आज दोपहर लगभग 02:15 बजे घटित हुआ। मारुति ऑल्टो कार (संख्या: UK04 Z 5819) चायखान-बेगानिया रोड पर सवारियों को लेकर जा रही थी। जैसे ही वाहन बलिया नामक स्थान के पास पहुँचा, चालक अचानक नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे गहरी खाई में समा गई।
हादसे के वक्त कार में चालक सहित कुल 6 लोग सवार थे। वाहन के खाई में गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत हादसे की सूचना पुलिस और प्रशासन को दी और खुद भी बचाव कार्य में जुट गए।
दो गंभीर घायलों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) लमगड़ा भर्ती कराया गया है। जहां से उन्हें अल्मोड़ा रेफर कर दिया है। पुलिस मृतकों और घायलों के नाम व पते की तस्दीक करने में जुटी है।
मृतकों का विवरण
1- राजेंद्र सिंह बेलवाल पुत्र नारायण सिंह बिलवाल उम्र 40 वर्ष निवासी ग्राम बलिया थाना लमगड़ा
2- जगदीश सिंह पुत्र लक्ष्मण सिंह उम्र 35 वर्ष निवासी ग्राम बलिया थाना लमगड़ा
3- लछम सिंह पुत्र प्रताप सिंह उम्र 56 वर्ष निवासी ग्राम बलिया थाना लमगड़ा
4- पान सिंह पुत्र बिशन सिंह उम्र 50 वर्ष निवासी ग्राम बलिया थाना लमगड़ा
घायलों का विवरण —
1- गोपाल सिंह पुत्र खीम सिंह उम्र 45 वर्ष निवासी ग्राम बलिया थाना लमगड़ा
2- सचिन बेलवाल पुत्र राजेंद्र बेलवाल उम्र 18 वर्ष निवासी ग्राम बलिया थाना लमगड़ा


