129 नशीले इंजेक्शनों के साथ गिरफ्तार
107 संदिग्धों का सत्यापन, नशे में वाहन चलाने वाले 08 गिरफ्तार
14 वाहन सीज, 03 DL निरस्त
CNE REPORTER, हल्द्वानी/नैनीताल: नैनीताल पुलिस ने नशे के विरुद्ध छेड़े गए ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए गफूर बस्ती क्षेत्र से एक शातिर नशे के सौदागर को गिरफ्तार किया है। पुलिस और SOTF की संयुक्त टीम ने आरोपी के कब्जे से 129 प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शनों का जखीरा बरामद किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान महबूब उर्फ माकू के रूप में हुई है, जो लंबे समय से क्षेत्र में नशे की सप्लाई कर युवाओं का भविष्य बर्बाद कर रहा था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के सख्त निर्देशों के बाद पूरे जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। एसएसपी के आदेश पर एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित सैनी के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमें सड़कों पर उतरीं। इस दौरान न केवल नशे के सौदागरों पर प्रहार किया गया, बल्कि रात भर चले सघन चेकिंग अभियान में 41 असामाजिक तत्वों को हिरासत में लिया गया और 107 संदिग्ध व्यक्तियों का मौके पर ही सत्यापन किया गया।
शातिर अपराधी और बरामदगी का विवरण
गफूर बस्ती, बनभूलपुरा निवासी 28 वर्षीय आरोपी महबूब उर्फ माकू एक शातिर और आदतन अपराधी है। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से पुलिस ने निम्नलिखित प्रतिबंधित सामग्री बरामद की:
- 18 अदद Buprenorphine Hydrochloride Injection
- 89 अदद Tramadol Hydrochloride Injection
- 22 अदद Avil इंजेक्शन की वायल
आरोपी का पिछला रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि उस पर पहले से ही एनडीपीएस (NDPS) एक्ट, गुंडा एक्ट और सरकारी कार्य में बाधा डालने जैसे 06 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना बनभूलपुरा में धारा 8/22 NDPS एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर उसे जेल भेज दिया है।

रात भर चला ‘ऑपरेशन प्रहार’ का चाबुक
एसएसपी के निर्देशन में चली इस कार्रवाई के दौरान जिले के 82 होटलों, ढाबों और क्लबों की सघन चेकिंग की गई। यातायात नियमों को ताक पर रखने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई देखने को मिली:
- नशे में वाहन चलाने वाले 08 चालकों को गिरफ्तार किया गया।
- नियमों का उल्लंघन करने पर 14 वाहन सीज किए गए।
- 03 ड्राइविंग लाइसेंस (DL) निरस्त करने की संस्तुति की गई।
- शांति भंग करने के मामले में 14 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
इसके साथ ही, हल्द्वानी पुलिस ने आर्म्स एक्ट के एक पुराने मामले में लंबे समय से फरार चल रहे वारंटी सुरेश चन्द्र जोशी को भी गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
पुलिस टीम की भूमिका
इस महत्वपूर्ण सफलता में निरीक्षक दिनेश फर्त्याल के साथ उपनिरीक्षक बबीता मेहरा, उपनिरीक्षक दीपा अधिकारी (SOTF), एएसआई मुजफ्फर अली, कांस्टेबल लक्ष्मण राम, मो. यासीन, पंकज भट्ट और जितेन्द्र नेगी की सराहनीय भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि “ऑपरेशन प्रहार” का मुख्य उद्देश्य नैनीताल जनपद को नशा मुक्त और सुरक्षित बनाना है। उन्होंने चेतावनी दी है कि नशे का कारोबार करने वालों और सार्वजनिक शांति बिगाड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।


