सड़क पर बिखरी सब्जियां
सीएनई रिपोर्टर, सुयालबाड़ी। हल्द्वानी से अल्मोड़ा की ओर सब्जियां लेकर जा रहा एक ट्रक करतियागाड़ पुल के समीप अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद ट्रक में लदी सब्जियां सड़क पर बिखर गईं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत रही कि दुर्घटना में ट्रक सवार चालक और परिचालक दोनों पूरी तरह सुरक्षित बच गए। किसी के चोटिल होने की सूचना नहीं है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हल्द्वानी से सब्जियां लेकर एक ट्रक अल्मोड़ा की ओर जा रहा था। इसी दौरान सुयालबाड़ी क्षेत्र में करतियागाड़ पुल के पास अचानक ट्रक अनियंत्रित हो गया और देखते ही देखते सड़क पर पलट गया। ट्रक के पलटते ही उसमें लदी सब्जियां सड़क पर दूर-दूर तक बिखर गईं। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।
सड़क पर ट्रक पलटने और सब्जियां बिखरने के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। इस दौरान सड़क से गुजरने वाले अन्य वाहनों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं होने से लोगों ने राहत की सांस ली।
हादसे में ट्रक चालक और परिचालक को कोई चोट नहीं आई। दोनों सुरक्षित हैं। फिलहाल दुर्घटना के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
































