★ बहुउद्देशीय शिविर में करीब एक हजार लोगों ने उठाया सरकारी योजनाओं का लाभ
★ जन-जन तक सरकारी योजनाएं पहुंचाने का संकल्प, रंगारंग प्रस्तुतियों ने बहायी सांस्कृतिक बयार

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: सेवा, सुशासन एवं समर्पण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जनपद अल्मोड़ा में शनिवार से सेवा पखवाड़ा के तहत आधार शिविरों का आगाज हो गया है। इसका भव्य उद्घाटन यहां मल्ला महल में आयोजित जनपद स्तरीय कार्यक्रम के साथ हुआ। जहां रंगारंग कार्यक्रमों ने मन मोहा। यहां आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में करीब एक हजार लोगों ने विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त किया। पखवाड़ा 18 जुलाई 2026 तक जनपद भर में चलेगा।
स्टालों ने बढ़ाई कार्यक्रम की रौनक

शिविर के तहत विभिन्न विभागों ने सेवा एवं जनकल्याण स्टॉल लगाए, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। इन स्टालों से पात्र लाभार्थियों ने योजनाओं का लाभ उठाया। बाल विकास विभाग की ओर से दो लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट दिए गए, जबकि ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत निशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण के लिए 30 बालिकाओं का पंजीकरण किया गया। वहीं समाज कल्याण विभाग ने 11 दिव्यांगजन एवं पात्र लाभार्थियों को सहायक उपकरण वितरित किए। शिविर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर भी लगा। जिसमें छह लोगों ने रक्तदान कर समाज सेवा एवं मानवता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।
सीएम का प्रेरणादायी संबोधन प्रसारित
देहरादून के ऋषिकेश में सेवा, सुशासन और समर्पण पर आधारित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रेरणादायी संबोधन का भी प्रसारण किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पखवाड़े का लक्ष्य है कि लोगों को अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़े, इसलिए जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार पहुंचकर लोगों को सेवा भाव के साथ योजनाओं का लाभ दिलाने का काम कर रही है। इधर मल्ला महल में आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने धामी सरकार के कार्यकाल को बेमिसाल और अद्वितीय बताया।
अधिकाधिक लोगों तक पहुंचे योजनाओं का लाभ: डीएम

जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कहा कि सेवा पखवाड़े का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं को अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक सरल, सुगम एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि पात्र व्यक्ति को किसी भी योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि प्रशासन स्वयं उनके द्वार तक पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सेवा पखवाड़े के दौरान प्रत्येक शिविर में पूरी संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित किया जाए।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

कार्यक्रम में स्कूली विद्यार्थियों तथा उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति से जुड़े कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और सभी का मन मोह लिया। रंगारंग प्रस्तुतियां लोकगीत, लोकनृत्य एवं देशभक्ति से ओतप्रोत रहीं। वहीं योगाभ्यास एवं योग प्रस्तुतियों ने भी उपस्थित लोगों की खूब सराहना बटोरी। कार्यक्रम में मेयर अल्मोड़ा अजय वर्मा, दायित्वधारी गंगा बिष्ट, गोविंद पिलख्वाल एवं कुंदन सिंह लटवाल, पलायन निवारण आयोग के सदस्य अनिल सिंह साही, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, ब्लॉक प्रमुख भैंसियाछाना नीमा आर्य, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजनमानस उपस्थित रहे।



