शानदार पहल : अब यहां पालिका मैदान में हर बुधवार को लगेगा महिला बाजार

पालिका नि:शुल्क करायेगी जगह उपलब्ध
सीएनई रिपोर्टर, गरमपानी/भवाली
नगर पालिका परिषद भवाली ने पहाड़ की महिलाओं व समूहों को अपने स्व निर्मित उत्पाद बेचने के नि:शुल्क महिला बाजार उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है, जिसको लेकर महिलाओं में खासा उत्साह है। तय किया गय है कि अब हर बुधवार को महिला बाजार लगाया जाएगा।
नगर के पॉलिका मैदान में महिला बाजार लगाने को लेकर आज यहां पालिका सभागार में महिला समूहों के साथ पालिकाध्यक्ष संजय वर्मा की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन हुआ। इस मौके पर पवन कुमार, गोपाल प्रसाद, चंदन ने समूह बनाने के उद्देश्य व मिलजुलकर काम करने के लाभ के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि समूह बनाकर एक बडी़ रकम इकट्ठा कर व्यापार शुरू किया जा सकता है।
पालिकाध्यक्ष संजय वर्मा ने कहा कि अब हर बुधवार को महिला बाजार लगाया जाएगा। पहाड़ी क्षेत्र की महिलाओं व समूहों को अपने उत्पाद बेचने के लिए महिला बाजार में सुविधा मिलेगी। पालिका निःशुल्क महिला समूहों को बाजार उपलब्ध कराएगी। इसमें रामगढ़, भीमताल, ओखलकांडा, बेतालघाट, गरमपानी के सभी ब्लॉकों के महिला समूह बाजार लगा सकते हैं। उन्होंने बताया कि सफाई अभियान के दौरान सीडीओ संदीप तिवारी, जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल से इस संबंध में वार्ता हुई थी।
सीडीओ के समक्ष महिला बाजार को लेकर प्रस्ताव रखा गया था। जिस पर उन्होंने अपनी सहमति दे दी है। ज्ञात रहे कि भवाली में हर बुधवार को बाजार बंद रहता है। उस दिन पालिका मैदान में महिला समूहों द्वारा अपने उत्पाद बाजार लगाकर बेचे जायेंगे। पहाड़ी क्षेत्र के किसी भी ब्लॉक की महिला समूह बाजार में दुकान लगा सकती है। आगामी बुधवार से बाजार लगाने के प्रयास किये जा रहे हैं। बैठक में पालिकाध्यक्ष संजय वर्मा के अलावा अधिशासी अधिकारी संजय कुमार, एसबीआई मैनेजर मनीष मिश्रा, प्रियंका जोशी, उमा जोशी, इंद्र कपिल, गौरव नेगी आदि उपस्थित रहे।