रैली निकालकर किया मौन उपवास
CNE REPORTER, गरुड़। राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले को लेकर गरुड़ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने केंद्र सरकार और मंदिर प्रबंधन के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस घटना को हिंदुओं की आस्था पर सीधा आघात बताते हुए गांधी चबूतरे से राम मंदिर तक सांकेतिक रैली निकाली और मंदिर परिसर में मौन उपवास कर अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान केंद्र सरकार और राम मंदिर ट्रस्ट के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई।

प्रदर्शन की शुरुआत गांधी चबूतरे से हुई, जहां बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्र हुए। हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर कार्यकर्ताओं ने जुलूस के रूप में राम मंदिर परिसर तक मार्च किया। मंदिर पहुंचने के बाद सभी ने मौन उपवास रखकर घटना की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
इस अवसर पर कांग्रेस के प्रदेश संयोजक भुवन पाठक ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मंदिरों में चढ़ावे की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार और संबंधित ट्रस्ट की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि हिंदुओं की आस्था के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा और इस मामले में दोषियों को हर हाल में कानून के कटघरे में लाया जाना चाहिए।
गरुड़ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नरेंद्र बिष्ट ने कहा कि इस घटना से करोड़ों हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर निर्माण से लेकर चढ़ावे की चोरी तक और अयोध्या से लेकर बद्रीनाथ मंदिर तक चंदे में गड़बड़ियों का एक पूरा नेटवर्क सक्रिय है। उन्होंने कहा कि जनता सब देख रही है और आस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों को इसका राजनीतिक खामियाजा भी भुगतना पड़ेगा।
जिला पंचायत सदस्य बलवंत नेगी ने इस घटना को अत्यंत शर्मनाक बताते हुए कहा कि भाजपा ने हमेशा धर्म के नाम पर राजनीति की है, लेकिन अब मंदिरों में चढ़ावे की चोरी जैसी घटनाएं सामने आना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि बद्रीनाथ और केदारनाथ जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों से भी चंदे में अनियमितताओं की खबरें सामने आ रही हैं। उनके अनुसार, “भाजपा ने प्रभु राम को भी नहीं बख्शा, जो अत्यंत निंदनीय है।”
कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि श्रद्धालुओं का विश्वास बना रहे और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
प्रदर्शन में प्रकाश कोहली, सुंदर बरोलिया, शैलेंद्र सिंह, गिरीश तिवारी, प्रकाश आर्या, पुष्पा कोरंगा, धीरज कुमार, महेंद्र रावत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



