लूटे गए सोने के टॉप्स बरामद, बाइक सीज
सीएनई रिपोर्ट, भीमताल। पुलिस ने तत्परता एवं तकनीकी जांच के जरिए बुजुर्ग महिला से लिफ्ट देने के बहाने सोने के टॉप्स लूटने की घटना का त्वरित खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से लूटे गए सोने के टॉप्स और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल UK06BJ6150 बरामद कर लिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वादी भुवन चन्द्र पलड़िया (पूर्व ग्राम प्रधान, भौर्सा) द्वारा कोतवाली भीमताल में तहरीर देकर बताया गया कि उनके गांव में रहने वाली करीब 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ गत 19 अगस्त 2026 को अज्ञात बाइक सवारों द्वारा लिफ्ट देने के बहाने सोने के कुंडल/टॉप्स लूट लिए गए और आरोपी मौके से फरार हो गए। इस प्रकरण में धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी द्वारा पुलिस अधीक्षक अपराध नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र को घटना के शीघ्र अनावरण एवं आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। इन निर्देशों के क्रम में प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार यादव, कोतवाली भीमताल के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया।
गठित टीम द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के साथ-साथ हल्द्वानी क्षेत्र के विभिन्न सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया गया। पुलिस टीम ने लगातार सुरागरसी-पतारसी एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना में संलिप्त आरोपियों की पहचान की, जिसके परिणामस्वरूप 31 अगस्त 2026 को दोनों आरोपियों को शक्तिफार्म, सितारगंज, जनपद ऊधमसिंहनगर से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में सुजीत दास पुत्र रामजीवन दास, निवासी जेल कैम्प नंबर-2, शक्तिफार्म, थाना सितारगंज, जनपद ऊधमसिंहनगर, उम्र 27 वर्ष और कुन्दन विश्वास पुत्र लाखन विश्वास, निवासी आजाद वार्ड नंबर-1, शक्तिफार्म, थाना सितारगंज, जनपद ऊधमसिंहनगर, उम्र 22 वर्ष शामिल हैं।
इनके कब्जे से लूटा गया पीली धातु का टॉप्स और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल UK06BJ6150 बरामद हुई है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार यादव, उपनिरीक्षक महेन्द्र राज सिंह, कांस्टेबल मनोज पंत, कांस्टेबल नरेश परिहार और कांस्टेबल प्रकाश चन्द्र शामिल रहे।





