✍️ अल्मोड़ा में नशा मुक्ति केंद्र के लिए लोक भवन से दो लाख की आर्थिक सहायता दी

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने जिले के भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी अंशुल सिंह तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर घोड़के को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रतीक चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को प्रोत्साहित करते हुए लोक भवन की ओर से नशा मुक्ति केंद्र के लिए दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने अपने अल्मोड़ा प्रवास के दौरान जनपद के प्रशासनिक प्रमुख के रूप में जिलाधिकारी अंशुल सिंह के कार्यों को सराहनीय बताया। उन्होंने जनपद में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं, प्रशासनिक पहलों तथा विकास कार्यों की प्रगति के संबंध में जिलाधिकारी की जानकारी ली और प्रतिबद्धता एवं कार्यशैली की प्रशंसा की। राज्यपाल ने कहा कि जनपद में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जनहित के कार्यों में प्रशासन की ओर से उल्लेखनीय प्रयास किए जा रहे हैं।खासकर राज्यपाल ने नशा मुक्ति केंद्र के संचालन की सराहना करते हुए कहा कि समाज को नशे की प्रवृत्ति से मुक्त करने के लिए यह महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने लोक भवन की ओर से नशा मुक्ति केंद्र के लिए दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। साथ ही राज्यपाल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के के नेतृत्व में जनपद में संचालित विभिन्न जनहितकारी एवं पुलिसिंग संबंधी कार्यों की प्रशंसा की।


