ज्वलंत मांगों को लेकर एडीएम को सौंपा ज्ञापन
सीएनई रिपोर्टर, बागेश्वर। नौ सूत्रीय मांगों को लेकर जिला संघर्ष वाहिनी एक बार फिर आंदोलन के तेवर में नजर आई। शनिवार को वाहिनी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन कर नारेबाजी की तथा अपर जिलाधिकारी (एडीएम) को ज्ञापन सौंपकर नगर और जिले की विभिन्न जनसमस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

जिला संघर्ष वाहिनी के जिलाध्यक्ष कवि जोशी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शनिवार को कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां उन्होंने प्रदर्शन करते हुए प्रशासन का ध्यान स्वास्थ्य, सड़क, सफाई और नगर विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों की ओर आकर्षित किया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने एडीएम एनएस नबियाल से मुलाकात कर उन्हें नौ सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा और समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की।
स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की मांग
ज्ञापन में जिला अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को प्राथमिकता से सुधारने की मांग उठाई गई। वाहिनी ने अस्पताल में रिक्त चिकित्सकों के पदों पर शीघ्र तैनाती करने, अस्पताल में निर्मित नए वार्ड का निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने, जिले के एकमात्र रेडियोलॉजिस्ट को यथावत बनाए रखने तथा 108 एंबुलेंस सेवा को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने की मांग की।
सड़क, नाली और नगर विकास से जुड़े मुद्दे भी उठाए
संगठन ने मजियाखेत-तुनेरा मोटर मार्ग के दोनों ओर नालियों का निर्माण कराने, मेहनरबूंगा बायपास मार्ग पर डामरीकरण कराने तथा नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों की मांगों का शीघ्र समाधान करने की मांग भी रखी। इसके अलावा नगर पालिका की ओर से कराए जा रहे निर्माण कार्यों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी ज्ञापन में शामिल की गई।
जिला संघर्ष वाहिनी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी महेंद्र सिंह करायत के नाम से स्वीकृत मोटर मार्ग के निर्माण को लेकर चल रहे आंदोलन को भी अपना पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की। संगठन ने कहा कि जनहित से जुड़े इस मुद्दे पर वह आंदोलनकारियों के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा।
इस दौरान मनीष चौबे, रिजवान खान, नवीन चौबे, विजय परिहार, अंकुर उपाध्याय, पवन परिहार सहित जिला संघर्ष वाहिनी के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



