लंबे समय से न्यायालय में नहीं हो रहा था पेश
CNE REPORTER, अल्मोड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में जनपद में न्यायालयों से जारी गिरफ्तारी वारंटों की शत-प्रतिशत तामीली के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में धौलछीना पुलिस ने आबकारी अधिनियम से संबंधित एक वारंटी अभियुक्त को बागेश्वर के भराड़ी बाजार से गिरफ्तार कर लिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोडके ने जनपद के सभी थाना प्रभारियों को न्यायालयों से जारी गिरफ्तारी वारंटों में वांछित अभियुक्तों की शत-प्रतिशत गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए सख्त निर्देश दिए हैं। निर्देशों के अनुपालन में धौलछीना पुलिस द्वारा वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
थानाध्यक्ष धौलछीना रमेश सिंह बोहरा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने न्यायालय से जारी गैर जमानतीय वारंट के तहत कार्रवाई करते हुए ललित प्रसाद पुत्र रमेश राम, निवासी लीमा, थाना कपकोट, जिला बागेश्वर को गिरफ्तार किया। उक्त अभियुक्त के विरुद्ध धारा 60 आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मामला संबंधित न्यायालय में विचाराधीन है। अभियुक्त लंबे समय से न्यायालय के समक्ष पेश नहीं हो रहा था, जिसके चलते उसके विरुद्ध गैर जमानतीय गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था।
पुलिस टीम ने वारंटी अभियुक्त की तलाश करते हुए उसे 05 अक्टूबर 2026 को भराड़ी बाजार, बागेश्वर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त को नियमानुसार माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
इस गिरफ्तारी की कार्रवाई में थाना धौलछीना पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक गोकुल प्रसाद टम्टा, हेड कांस्टेबल अर्जुन सिंह तथा होमगार्ड सुनील दत्त शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार न्यायालयों से जारी गिरफ्तारी वारंटों की तामीली के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा न्यायालय के आदेशों की अवहेलना करने वाले वारंटियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।









