प्रथम किश्त के रूप में पहुंचे 229.5 लाख रुपए
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा।
डीएम आलोक कुमार पांडेय के प्रयासों से जनपद अल्मोड़ा के लिए शासन ने 7 गौशालाएं स्वीकृत की हैं, जहां निराश्रित गौधन को आश्रय मिलेगा। गायों को एक आश्रय मिल जाने से फसलें सुरक्षित रहेंगी और किसानों को राहत मिलेगी। प्रथम किश्त के रूप में 229.5 लाख रुपए का बजट भी प्राप्त हो गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सरकार ने अल्मोड़ा जनपद के लिए 7 गौशालाएं स्वीकृत की हैं। इन सभी गौशालाओं की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति भी मिल चुकी हैं। जनपद में निराश्रित गौवंश के लिए जिलाधिकारी शुरू से ही प्रयासरत थे कि निराश्रित गायों के लिए आश्रय की व्यवस्था हो। उन्होंने इसके लिए शासन को प्रस्ताव भेजे थे। व्यक्तिगत रूप से उच्चाधिकारियों वार्ता भी की थी। जनपद में निराश्रित पशुओं की समस्या से उन्हें अवगत कराया तथा जनपद के लिए 7 गौशालाएं स्वीकृत कराई।
जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय का कहना है कि अल्मोड़ा जिले में निराश्रित गौवंश के उत्पात के कारण बहुत से किसान खेती करने से बचने लगे थे। आए दिन उन्हें फसलों को नुकसान होने की शिकायतें प्राप्त होती थी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान भी निराश्रित पशुओं की समस्या सबसे बड़ी समस्या के रूप में उनके सम्मुख लोगों द्वारा रखी जाती थी। अब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुसार शासन ने जनपद अल्मोड़ा के लिए 7 गौशालाएं स्वीकृत की हैं।
उन्होंने कहा कि इन गौशालाओं के बन जाने से जहां एक और निराश्रित पशुओं को आश्रय मिलेगा तो वहीं दूसरी और किसानों की मेहनत से तैयार की गई फसलें भी सुरक्षित रह सकेंगी। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद अल्मोड़ा के लिए स्वीकृत इन 7 गौशालाओं के लिए प्रथम किश्त के रूप में 229.5 लाख रुपए का बजट भी प्राप्त हो गया है। जल्द ही इन गौशालाओं के निर्माण के लिए कार्यदाई संस्थाओं को निर्देशित किया जाएगा।
इन क्षेत्रों में मिली गौशालाओं को स्वीकृति —
- विकासखंड द्वाराहाट के अंतर्गत पटवारी क्षेत्र कुंवाली के ग्राम ऐना
- विकासखंड भैंसियाछाना के ग्राम डालाकोट
- विकासखंड भिकियासैंण पटवारी क्षेत्र मनीला के ग्राम रिखाड़
- विकासखंड ताकुला के ककराड़
- राजकीय चारा प्रक्षेत्र भैंसवाड़ा अल्मोड़ा
- श्री गुरु कृपा गौ सुरक्षा समिति कसानीखेत जैखाल, देघाट
- श्री नीम करौली महाराज गायत्री ट्रस्ट मासी