
27 दिनों से बुद्धपार्क में जारी है अनिश्चितकालीन क्रमिक अनशन
15 नवंबर को हल्द्वानी में निकलेगी जनजागरूकता रैली
सीएनई रिपोर्टर, हल्द्वानी। उत्तराखण्ड की स्थायी राजधानी गैरसैंण घोषित किए जाने की मांग को लेकर हल्द्वानी के बुद्धपार्क में 18 अक्टूबर से चल रहा अनिश्चितकालीन क्रमिक अनशन लगातार गति पकड़ता जा रहा है। गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने के संकल्प के साथ जारी इस आंदोलन को अब विभिन्न वर्गों के लोगों का समर्थन मिलने लगा है। इसी क्रम में आज पूर्व आईएएस अधिकारी विनोद प्रसाद रतूड़ी भी आंदोलन के समर्थन में अनशन पर बैठे। उन्होंने राज्य की वर्तमान परिस्थितियों पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड को हासिल करने के लिए राज्यवासियों ने लंबा संघर्ष किया, 43 लोगों ने अपनी शहादत दी और करीब एक दशक तक आंदोलन चला, लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण है कि आज भी राज्य की स्थायी राजधानी का सवाल अनसुलझा है।
पूर्व आईएएस विनोद प्रसाद रतूड़ी ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों और प्रदेशवासियों की वर्तमान स्थिति देखकर उन्हें बेहद दुख होता है। जिस उत्तराखण्ड राज्य की परिकल्पना यहां के लोगों ने अपने अधिकारों, पहाड़ की अस्मिता, संस्कृति और विकास की उम्मीदों के साथ की थी, उसके गठन के वर्षों बाद भी कई बुनियादी सवाल जस के तस बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि राज्यवासी एक बार फिर अपने अधिकारों और राज्य आंदोलन के मूल उद्देश्यों के लिए एकजुट हों।
उन्होंने कहा कि पिछले 27 दिनों से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से लोग हल्द्वानी पहुंचकर इस आंदोलन को अपना समर्थन दे रहे हैं। लगातार मिल रहे जनसमर्थन से यह स्पष्ट हो रहा है कि गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने की मांग अब केवल कुछ लोगों तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि यह प्रदेश की जनभावनाओं से जुड़ा व्यापक सवाल बनती जा रही है। आंदोलन को मिल रहे समर्थन से उन्हें विश्वास है कि एकजुट प्रयासों से यह संघर्ष अपने उद्देश्य की ओर अवश्य आगे बढ़ेगा।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य का निर्माण पहाड़ के अस्तित्व, अस्मिता, विशिष्ट संस्कृति और यहां के प्राकृतिक एवं सामाजिक परिवेश की रक्षा के उद्देश्य से हुआ था। लेकिन राज्य गठन के इतने वर्षों बाद भी पर्वतीय क्षेत्रों की समस्याएं गंभीर बनी हुई हैं। गांवों से लगातार हो रहा पलायन, खेती-किसानी का संकट, रोजगार के सीमित अवसर और पहाड़ के दूरस्थ इलाकों में विकास की चुनौतियां आज भी चिंता का विषय हैं। ऐसे में गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाया जाना केवल राजधानी का स्थान निर्धारित करने का विषय नहीं, बल्कि पहाड़ के भविष्य, उसके सम्मान और राज्य निर्माण की मूल भावना से जुड़ा महत्वपूर्ण सवाल है।
पूर्व आईएएस अधिकारी ने भावुक अपील करते हुए कहा, “पहाड़ के खेत, किसान, गांव और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य बचाने के लिए गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाना आवश्यक है। राज्य आंदोलनकारियों और शहीदों के सपनों को अब और अधूरा नहीं रखा जाना चाहिए।” उन्होंने जोर देकर कहा कि इस आंदोलन को सफल बनाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी जरूरी है। यह लड़ाई केवल राजधानी तक सीमित नहीं है, बल्कि पहाड़ की पहचान, पलायन, रोजगार और पर्वतीय क्षेत्रों के समग्र विकास जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों से भी जुड़ी है।
15 नवंबर को निकलेगी जनजागरूकता रैली
आंदोलनकारियों ने बताया कि गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने की मांग को जन-जन तक पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों को इस मुहिम से जोड़ने के उद्देश्य से आगामी 15 नवंबर को दोपहर 12 बजे से हल्द्वानी शहर में जनजागरूकता रैली निकाली जाएगी। इसके माध्यम से आम जनता को राज्य निर्माण के मूल उद्देश्यों और स्थायी राजधानी गैरसैंण की आवश्यकता से अवगत कराया जाएगा। पूर्व आईएएस विनोद प्रसाद रतूड़ी ने भी शहर एवं आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों, युवाओं, सामाजिक संगठनों, राज्य आंदोलनकारियों और बुद्धिजीवियों से रैली में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आंदोलन को मजबूती देने की अपील की।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की पहचान उसके पर्वतीय भूगोल, लोकसंस्कृति, परंपराओं और संघर्षशील जनता से है। यदि पहाड़ को बचाना है और राज्य गठन के पीछे की मूल भावना को जीवित रखना है तो इसके लिए सामूहिक प्रयास करने होंगे। गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने की मांग को लेकर चल रहा यह अभियान इसी जनभावना को आवाज देने का प्रयास है।
अनशन स्थल पर आंदोलन को समर्थन देने के लिए प्रेमा मेर, गोपाल दत्त कुमेड़ी, हरीश रावत, महेश तिवारी, कविता जीना, नीमा भट्ट, अंजू पाण्डेय, राजेंद्र कांडपाल, आनंद कन्याल, तारा पाण्डेय, मनोज रावत, देवेंद्र सालाकोट, रजत पाटनी, हिमानी पांडे, ज्योतिष्णा पांडे, कार्तिक दास, विनोद घड़ियाल सहित सैकड़ों आंदोलनकारी एवं समर्थक मौजूद रहे। सभी ने गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने की मांग को लेकर जारी संघर्ष को व्यापक जनआंदोलन का रूप देने का संकल्प दोहराया।































