ऑनलाइन शॉपिंग और उपभोक्ता संरक्षण रहा शोध का विषय
CNE REPORTER, रानीखेत : सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा से संबद्ध एस.एस.जे.डब्ल्यू.एस.एस. पी.जी. कॉलेज, रानीखेत की शोधार्थी दीक्षा साह ने ऑनलाइन शॉपिंग के प्रति उपभोक्ताओं की जागरूकता एवं उनके संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण विषय पर अपना शोध कार्य पूर्ण कर पीएचडी (विद्यावाचस्पति) की उपाधि प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, क्षेत्र एवं शिक्षण संस्थान में खुशी का माहौल है।
दीक्षा साह ने अपना शोध “An Empirical Study of the Consumer Awareness and Protection Towards Online Shopping in the Kumaon Region” विषय पर किया है। इस शोध में कुमाऊं क्षेत्र के उपभोक्ताओं के बीच ऑनलाइन खरीदारी को लेकर जागरूकता, उनके अधिकारों, उपभोक्ता संरक्षण तथा ऑनलाइन शॉपिंग के दौरान सामने आने वाली विभिन्न चुनौतियों का अध्ययन किया गया है।
वर्तमान समय में डिजिटल तकनीक और इंटरनेट के तेजी से विस्तार के साथ ऑनलाइन खरीदारी आम जनजीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी है। मोबाइल फोन और इंटरनेट के माध्यम से घर बैठे वस्तुओं की खरीदारी की सुविधा ने उपभोक्ताओं के लिए नए अवसर पैदा किए हैं। हालांकि, इसके साथ ही भ्रामक विज्ञापन, उत्पादों की गुणवत्ता में अंतर, भुगतान संबंधी समस्याएं, साइबर धोखाधड़ी, रिफंड में देरी तथा उपभोक्ता अधिकारों से जुड़ी कई चुनौतियां भी सामने आई हैं। ऐसे में दीक्षा साह का शोध विषय सामाजिक एवं आर्थिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
शोध के माध्यम से कुमाऊं क्षेत्र में ऑनलाइन खरीदारी करने वाले उपभोक्ताओं के व्यवहार, उनकी जानकारी, खरीदारी के निर्णयों तथा उपभोक्ता संरक्षण से संबंधित पहलुओं को समझने का प्रयास किया गया है। यह अध्ययन डिजिटल बाजार के प्रति उपभोक्ताओं को अधिक जागरूक बनाने और उनके अधिकारों के संरक्षण की आवश्यकता को भी रेखांकित करता है।
दीक्षा साह ने अपना शोध कार्य शोध पर्यवेक्षक डॉ. बुशरा मतीन के निर्देशन में पूर्ण किया। शोध प्रक्रिया में संयोजक डॉ. एच.आर. कौशल की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दीक्षा साह की इस शैक्षणिक उपलब्धि पर उनके पिता प्रमोद साह, माता उषा साह, भाई मेहुल साह, पति नितिन साह एवं पुत्री वामिका साह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। उनकी इस सफलता को परिवार के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
दीक्षा साह की यह उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत परिश्रम, लगन एवं शैक्षणिक प्रतिबद्धता का परिणाम है, बल्कि उच्च शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है।
































