HomeBreaking Newsहल्द्वानी एसटीएच अस्पताल में युवक पर जानलेवा हमला

हल्द्वानी एसटीएच अस्पताल में युवक पर जानलेवा हमला

गला काटने का प्रयास करने का आरोप; साले समेत चार के खिलाफ तहरीर

मंदिर के पास शुरू हुआ विवाद, गाली-गलौज के बाद मारपीट का आरोप

सीएनई रिपोर्टर, हल्द्वानी : डॉ. सुशीला तिवारी (एसटीएच) अस्पताल में भर्ती अपनी बहन से मिलने पहुंचे एक युवक पर उसके साले और अन्य परिजनों द्वारा कथित रूप से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को तहरीर सौंपते हुए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई तथा अपनी जान-माल की सुरक्षा की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

ADVERTISEMENTSAd
Advertisement

पुलिस को दी गई तहरीर में आजाद नगर, बनभूलपुरा निवासी नाजिम अहमद ने बताया कि 21 जुलाई की दोपहर वह एसटीएच अस्पताल में भर्ती अपनी बहन से मिलने गया था। आरोप है कि अस्पताल के भूतल पर स्थित मंदिर के पास सीढ़ियों से ऊपर जाते समय उसके साले मोहम्मद फैजान ने उसे आवाज देकर बुलाया और देखते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर फैजान ने उसका गिरेबान पकड़ लिया, थप्पड़ मारे और उसकी कमीज फाड़ दी।

ब्लेड जैसी धारदार वस्तु से गला काटने का प्रयास करने का आरोप

तहरीर के अनुसार, कुछ देर बाद अस्पताल के आपातकालीन विभाग स्थित पर्चा काउंटर के पास मोहम्मद फैजान अपने मामा साजिद मिकरानी के साथ दोबारा पहुंचा और हमला कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि फैजान के हाथ में ब्लेड जैसी धारदार वस्तु थी, जिससे उसने उसका गला काटने का प्रयास किया। बचाव के दौरान उसके गले के आसपास कई चोटें आईं।

नाजिम अहमद का यह भी आरोप है कि साजिद मिकरानी ने उस पर घूंसों से हमला किया, जबकि दोनों आरोपियों ने स्टील के टिफिन से भी मारपीट कर उसे घायल कर दिया।

आपातकालीन विभाग तक पीछा करने का आरोप

पीड़ित के अनुसार, वह किसी तरह जान बचाकर अस्पताल के आपातकालीन विभाग के अंदर भागा, लेकिन आरोपी वहां तक उसका पीछा करते हुए पहुंच गए। अस्पताल के डॉक्टरों और अन्य कर्मचारियों द्वारा शोर मचाने पर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद अस्पताल में उसका उपचार कराया गया और मेडिकल परीक्षण भी कराया गया।

अन्य लोगों पर भी हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोप

तहरीर में नाजिम अहमद ने आरोप लगाया है कि मोहम्मद फैजान पहले से फर्जी स्थायी निवास प्रमाणपत्र समेत अन्य दस्तावेज तैयार करने के मामले में आरोपी है, जिसमें उसके खिलाफ पूर्व में मुकदमा दर्ज हो चुका है।

इसके अलावा पीड़ित ने मोहम्मद फुरकान और मोहम्मद लुकमान पर भी हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोप लगाते हुए अपनी जान को खतरा बताया है। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस से मोहम्मद फैजान, साजिद मिकरानी, मोहम्मद फुरकान और मोहम्मद लुकमान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

कोतवाली पुलिस का कहना है कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

ADVERTISEMENTS
भारत का पहला प्राइवेट ऑर्बिटल रॉकेट Vikram-1

🚀 भारत का पहला Private Orbital Rocket

Vikram-1 ने रचा इतिहास • पूरी वीडियो देखने के लिए नीचे क्लिक करें

▶️ अभी वीडियो देखें
Deepak Manral
Deepak Manralhttp://creativenewsexpress.com
तीन दशकों के करीब का कार्यानुभव रखने वाले दीपक मनराल पत्रकारिता जगत का एक सम्मानित नाम हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 1996 में एक त्रैमासिक पत्रिका के सहयोगी संपादक के रूप में की थी। बीते 25 वर्षों में उन्होंने अमर उजाला, दैनिक भास्कर, दैनिक आज, उत्तरांचल दीप और चारधाम टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में 'ब्यूरो प्रमुख' की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाई हैं। वर्तमान में वे 'गंगोत्री अक्षर उजाला पोस्ट' के संपादक हैं और सीएनई (CNE) मीडिया हाउस के संस्थापक व स्वामी के रूप में डिजिटल मीडिया को नई दिशा दे रहे हैं। अपनी निष्पक्ष और ईमानदार पत्रकारिता के लिए पहचाने जाने वाले मनराल आज भी प्रतिदिन 'ग्राउंड ज़ीरो' से जुड़कर सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं।
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments