देहरादून। चमोली जिले के थराली क्षेत्र में नारायणबगड़-परखाल मोटरमार्ग पर एक वैगनआर कार के खाई में पलट जाने से तीन लोगों की मौत हो गई है। जबकि कार चालक को गंभीर हालत में चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
हादसा कल देर रात हुआ। मिली जनकारी के अनुसार एक वैगनआर डीएल 2 सीए/0168 नम्बर की कार परखाल-डुंगरी मोटर मार्ग पर रैगॉंव से कुछ आगे अनियंत्रित होकर डेढ सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के वक्त कार में चार लोग सवार थे। इनमें से धुलेट गांव निवासी 32 वर्षीय धनी लाल, सिलकोटी निवासी 45 वर्षीय भगत लाल तथा यहीं के 42 वर्षीय हरि लाल की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कार चालक धुलेट निवासी 22 वर्षीय देवेंद्र लाल को ग्रामीणों ने गंभीर अवस्था में खाई से निकाल कर चिकित्सालय में भर्ती कराया। पुलिस ने शवों का पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

