सीएनई रिपोर्टर, ऋषिकेश। तपोवन में घर लौट रहे एक कैफे संचालक की सरेराह स्कूट सवार दो बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी गई। प्रथम दृष्टया मामला आपसी विवाद का लग रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गत रात्रि मुनि की रेती थाना क्षेत्र अंतर्गत तपोवन में एक रेस्टोरेंट कैफे संचालक नितिन देव की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। माना जा रहा है कि यह हत्या प्रॉपर्टी के विवाद के चलते की गई है। स्कूटी सवार दो हमलावर भी सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं।
पुलिस के अनुसार नोएडा निवासी नितिन देव का तपोवन स्थित डेक्कन वैली में फ्लैट है। देर रात नितिन अपने कैफे से फ्लैट पर वापस आ रहे थे। फ्लैट के नीचे ही दो बदमाशों ने नितिन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी। चार गोली लगने से नितिन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में स्कूटी सवार दो हमलावर दिखाई दे रहे हैं। उनकी पहचान करने के प्रयास पुलिस कर रही है।
वरिष्ठ उप निरीक्षक योगेश पांडे ने बताया कि प्रॉपर्टी विवाद में हत्या की आशंका है। कई पहलुओं पर जांच चल रही है। नितिन फ्लैट में अकेला रहता था। उसके तीन फ्लैट और हैं जो किराए पर दिए हुए हैं। नितिन का वीरभद्र रोड पर कैफे है। फिलहाल पता चला है कि नितिन को चार गोलियां लगी हैं।
क्या कहती है पुलिस !
सीओ नरेंद्रनगर डीएस भंडारी ने बताया कि देर रात करीब पौने 11 बजे डेक्कन वैली सोसायटी में चार राउंड गोली चलने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो एक फ्लैट के बाहर नोएडा सेक्टर 61 निवासी नितिन देव (करीब 40 वर्ष) की लाश पड़ी थी। घटनास्थल पर तीन-चार खोखे और एक जिंदा कारतूस भी मिला। वहीं, पड़ा हुआ एक हथौड़ा भी मिला है। मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए तो उनमें दो लोग स्कूटी पर सवार होकर भागते हुए नजर आए। उनके हाथ में कुछ सामान भी दिख रहा है।
2015 से ऋषिकेश में रह रहे थे नितिन
नितिन 2015 से ऋषिकेश में रह रहे थे और एक रेस्टोरेंट चलाते थे। बताया जा रहा है कि डेक्कन वैली सोसायटी में नितिन के चार फ्लैट हैं। इनमें से कुछ उन्होंने किराये पर दिए हुए हैं, जबिक एक में वह खुद रह रहे थे। पुलिस के अनुसार वह यहां अकेले ही रहते थे। उनके इसी फ्लैट के बाहर उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई।