ग्रामीणों ने विधानसभा अध्यक्ष को घेरा, शूट आउट के आश्वासन पर माने लोग
CNE REPORTER, कोटद्वार। पौड़ी जिले के कोटद्वार क्षेत्र में गुलदार ने एक और महिला की जान ले ली। सनेह के कोटड़ीढांग क्षेत्र में सोमवार सुबह जंगल में घास लेने गई पांच महिलाओं के समूह पर अचानक गुलदार ने हमला कर दिया। गुलदार ने 42 वर्षीय कविता कोठियाल को गले से अपने जबड़ों में दबोच लिया और घसीटते हुए झाड़ियों में ले गया। साथ मौजूद चार अन्य महिलाओं ने शोर मचाकर मदद के लिए ग्रामीणों को बुलाया। ग्रामीणों को आता देख गुलदार महिला को छोड़कर जंगल में भाग निकला, लेकिन तब तक कविता की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। दिनदहाड़े हुई इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई।
घास बांध रही थीं महिलाएं, तभी झाड़ियों से निकला गुलदार
जानकारी के अनुसार, कोटड़ीढांग, सनेह निवासी कविता कोठियाल (42), पत्नी कमल किशोर, सोमवार सुबह करीब 10 से 10:30 बजे गांव की चार अन्य महिलाओं के साथ घर से लगभग 250 मीटर दूर गंगा वाटिका के समीप जंगल में घास लेने गई थीं। पांचों महिलाएं घास काटने के बाद उसे बांध रही थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक कविता पर हमला कर दिया। उसने महिला के गले को अपने जबड़ों में जकड़ लिया और घसीटते हुए निर्माणाधीन हाथी दीवार के पास झाड़ियों में ले गया।
कविता पर गुलदार के हमले को देख साथ मौजूद महिलाओं ने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। उनकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। लोगों की भीड़ को आता देख गुलदार महिला को छोड़कर जंगल में भाग गया। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर देखा तो कविता की मौत हो चुकी थी। घटना की खबर फैलते ही आसपास के गांवों में शोक और भय का माहौल बन गया।
सड़क पर धरने पर बैठे ग्रामीण, विधानसभा अध्यक्ष को घेरा
महिला की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर धरना शुरू कर दिया। उनकी मांग थी कि हमलावर गुलदार को मारने के आदेश जारी किए जाएं। इसी दौरान मौके पर पहुंचीं विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी को भी आक्रोशित ग्रामीणों ने घेर लिया। ग्रामीणों ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे गुलदार के हमलों और वन विभाग की कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
मौके से ही वन अधिकारियों को फोन, शूट आउट के आश्वासन के बाद शांत हुए ग्रामीण
ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने मौके से ही वन विभाग के उच्चाधिकारियों को फोन किया और हमलावर गुलदार को शूट आउट करने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त किया। सूचना पर वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी घटनास्थल पर पहुंचे।
पहले बच्ची पर भी हुआ था हमला, तीन पिंजरे लगाने के बावजूद नहीं थमा खतरा
गौरतलब है कि सनेह क्षेत्र में गुलदार की सक्रियता लंबे समय से बनी हुई है। इससे पहले 3 नवंबर को आठ वर्षीय बच्ची सान्वी पर भी गुलदार ने हमला कर उसे घायल कर दिया था। इसके बाद वन विभाग ने क्षेत्र में तीन पिंजरे लगाए थे। गुलदार को पकड़ने के लिए ट्रेंकुलाइज टीम और दो गश्ती टीमें भी तैनात की गई थीं। 7 नवंबर को कोटड़ीढांग में गुलदार दिखाई देने की सूचना भी सामने आई थी, लेकिन घनी झाड़ियों के कारण उसे पकड़ने में सफलता नहीं मिली थी।
इस महीने हमलों की पांचवीं घटना, ग्रामीणों में बढ़ता जा रहा भय
स्थानीय लोगों के अनुसार, कोटद्वार और सनेह क्षेत्र में इस महीने गुलदार के हमलों की यह पांचवीं घटना है। इससे पहले भी एक बच्ची सहित तीन लोग हमलों में घायल हो चुके हैं। अब कविता कोठियाल की मौत ने ग्रामीणों की चिंता और बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि जंगल से सटे गांवों में रहने वाले परिवारों के लिए घास लेने जाना भी जान जोखिम में डालने जैसा हो गया है।
महिला की मौत के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर वन विभाग की तमाम कोशिशों के बावजूद गुलदार की दहशत पर अंकुश क्यों नहीं लग पा रहा है? ग्रामीण अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि अपनी सुरक्षा के लिए ठोस और प्रभावी कार्रवाई चाहते हैं।
































