कान के झुमके और 10 हजार नगदी लेकर भागा लुटेरा
सीएनई रिपोर्टर, गरुड़। राजस्व पुलिस क्षेत्र गरुड़ के लखनी गांव में अज्ञात चोर ने घर में घुसकर वृद्ध महिला से लूटपाट की। चोर महिला के कान के झुमके और दस हजार की नकदी लेकर भाग गया। इस घटना से गांव में दहशत का माहौल है।
लखनी गांव में वृद्ध महिला रेवती देवी अपने घर में अकेले रहती है। अज्ञात चोर इसका फायदा उठाकर महिला के घर में घुस गया। उसने महिला के कान से झुमके खींच लिए और दस हजार की नकदी भी चुराकर फरार हो गया।
महिला की मौखिक शिकायत पर कार्रवाई
महिला ने फोन पर राजस्व उप निरीक्षक को घटना की जानकारी दी। राजस्व उप निरीक्षक रेनू भंडारी ने बताया कि वृद्ध महिला की मौखिक सूचना पर कार्रवाई शुरु कर दी है। अभी महिला की ओर से कोई तहरीर नहीं आई है। राजस्व पुलिस अज्ञात चोर का पता लगा रही है। शीघ्र ही अज्ञात चोर का पता लगा लिया जाएगा।