पिथौरागढ़। उत्तराखंड में मानसून ने फिर से कहर बरपा दिया है। सीमांत जिला पिथौरागढ़ के देवतपुरचौड़ा गांव में सोमवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। आधी रात करीब 1 बजे पहाड़ी से लुढ़ककर आया विशाल बोल्डर एक घर पर जा गिरा। मकान की दीवारें तोड़ते हुए अंदर घुसे बोल्डर की चपेट में आने से 11 साल के मासूम की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पिथौरागढ़ बोल्डर हादसा : जानकारी के अनुसार, जिला मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर स्थित देवतपुरचौड़ा गांव में यह हादसा हुआ। बोल्डर मकान की दीवारें तोड़ते हुए अंदर पहुंच गया। घर के अंदर सो रहे पूज्य कुमार उर्फ प्रिंस (उम्र 11 वर्ष) उसकी चपेट में आ गए। गंभीर चोट लगने से बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।
रिश्तेदारी में आया था मासूम
मृतक बच्चा अपने परिवार के साथ दिल्ली से रिश्तेदारी में यहां आया हुआ था। हादसे में घर के ही दो अन्य लोग—रघुवीर प्रसाद और नरेश कुमार—गंभीर रूप से घायल हुए। दोनों का इलाज कराया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की गई।
गांव पर लगातार खतरा
स्थानीय लोगों का कहना है कि देवतपुरचौड़ा गांव के कई घर पहाड़ी के नीचे बसे होने के कारण हमेशा खतरे की जद में रहते हैं। पहले भी यहां बोल्डर गिरने की घटनाएं हो चुकी हैं। हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर है।
प्रशासन की चेतावनी
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी भूपेंद्र महर ने बताया कि भारी बारिश के चलते जिले भर में दो दर्जन से अधिक मकान खतरे की जद में आ गए हैं। कई परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है। वहीं, डेढ़ दर्जन से ज्यादा मोटर मार्ग बंद हैं।

