एसएसपी के ‘प्रहार’ से कांपा अपराधियों का नेटवर्क
सीएनई रिपोर्टर, हल्द्वानी/रामनगर नैनीताल जनपद में अपराधियों के विरुद्ध छिड़े ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस ने बड़ी सफलता अर्जित की है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के कड़े रुख के बाद सक्रिय हुई पुलिस टीम ने हल्द्वानी और रामनगर क्षेत्र में वाहन चोरी का खुलासा करते हुए 6 आरोपियों (बाइक चोर गिरोह) को गिरफ्तार किया है, जिनसे चोरी की 3 मोटरसाइकिलें बरामद हुई हैं। इसके साथ ही लालकुआं और चोरगलिया में दबिश देकर 3 वारंटियों को भी सलाखों के पीछे भेजा गया है।



रामनगर: चोरी की बाइक संग 4 दबोचे : रामनगर के छोई निवासी सौम्य प्रकाश विद्यार्थी की शिकायत (UK 04 L-0614 चोरी) पर त्वरित एक्शन लेते हुए पुलिस ने चोरपानी क्षेत्र से चार आरोपियों को धर दबोचा। प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने बरामद बाइक के साथ आरोपियों को न्यायालय में पेश किया है।
हल्द्वानी: मंडी बाईपास के पास से दो शातिर गिरफ्तार : हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने भी वाहन चोरों पर सर्जिकल स्ट्राइक की है। प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता की टीम ने मंडी बाईपास के पास घेराबंदी कर दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से दो बाइक (TVS स्पोर्ट और हीरो स्प्लेंडर) बरामद की गई हैं। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई की है।
लालकुआं व चोरगलिया: वारंटियों के खिलाफ भी अभियान
एसएसपी के निर्देश पर फरार चल रहे अपराधियों के खिलाफ भी अभियान तेज है।
- थाना चोरगलिया: वन अधिनियम के तहत फरार वारंटी गुलाम रसूल उर्फ निक्का को गिरफ्तार किया गया।
- थाना लालकुआं: पुलिस ने राजा परिहार और कमल सिंह धरियाल नामक दो वारंटियों को गिरफ्तार किया, जो मारपीट और धमकी के मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के मार्गदर्शन और जनपद के आला अधिकारियों के सफल पर्यवेक्षण में हुई इस कार्रवाई ने अपराधियों में खौफ पैदा कर दिया है। पुलिस का कहना है कि यह अभियान भविष्य में और भी आक्रामक रूप से जारी रहेगा।


