HomeBreaking NewsBig Breaking : पुलिस और वांटेड बदमाश चंदन सागर के बीच सीधी...

Big Breaking : पुलिस और वांटेड बदमाश चंदन सागर के बीच सीधी मुठभेड़, कई राउंड फायरिंग

घेराबंदी होते ही पुलिस टीम व वाहनों पर बरसाईं गोलियां

मुठभेड़ की खबर से क्षेत्र में मचा हड़कंप

सीएनई रिपोर्टर। नैनीताल-रामनगर क्षेत्र में दहशत का पर्याय बन चुका वांटेड बदमाश चंदन सागर की पुलिस से सीधी मुठभेड़ हो गई। जंगल में घेराबंदी के दौरान बदमाश ने पुलिस टीम और वाहनों को निशाना बनाते हुए कई राउंड गोलियां बरसा दीं। जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायरिंग की। दोनों तरफ से हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में पुलिस का वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि पुलिस की गोली पैर में लगने से चंदन सागर घायल हो गया। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

ADVERTISEMENTS

दबिश की भनक लगते ही जंगल में जा छिपा बदमाश

जानकारी के अनुसार, नैनीताल एवं रामनगर क्षेत्र में लंबे समय से पुलिस के लिए सिरदर्द बने चंदन सागर की तलाश में पुलिस टीम दबिश देने पहुंची थी। पुलिस कार्रवाई के दौरान बदमाश हाथी बगड़ वन विभाग चेक पोस्ट से आगे जंगल की ओर भाग निकला और घने जंगल में जाकर छिप गया।

पुलिस टीम ने बदमाश की तलाश शुरू करते हुए जंगल में घेराबंदी कर दी। पुलिस की मौजूदगी का एहसास होते ही चंदन सागर ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर हड़कंप मच गया।

बताया जा रहा है कि बदमाश ने पुलिस टीम तथा पुलिस वाहनों को निशाना बनाते हुए कई राउंड फायरिंग की। गोलीबारी में पुलिस का एक वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल कंट्रोल रूम को सूचना दी और अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया।

इसके बाद जंगल के आसपास के क्षेत्र को पुलिस बल ने चारों ओर से घेर लिया। अतिरिक्त पुलिस बल के पहुंचने के बाद बदमाश के बच निकलने के रास्ते भी बंद कर दिए गए और पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से जंगल में सर्च अभियान तेज कर दिया।

जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली

पुलिस और बदमाश के बीच काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। बदमाश की ओर से फायरिंग किए जाने के बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की जवाबी फायरिंग में चंदन सागर के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद वह घायल होकर पुलिस के कब्जे में आ गया।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घायल बदमाश को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा। अस्पताल में उसका उपचार जारी बताया जा रहा है। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने पूरे घटनास्थल और आसपास के जंगल में सघन तलाशी अभियान भी चलाया।

15 मुकदमों वाला है चंदन सागर

पुलिस के अनुसार, चंदन सागर कोई सामान्य अपराधी नहीं बल्कि क्षेत्र में भय का माहौल बनाने वाला वांटेड बदमाश है। उसके खिलाफ करीब 15 आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं। इतना ही नहीं, उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है।

लंबे समय से पुलिस उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। उसकी गिरफ्तारी को पुलिस के लिए महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

जंगल में पुलिस और बदमाश के बीच हुई ताबड़तोड़ फायरिंग की खबर फैलते ही नैनीताल-रामनगर क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग होने की बात सामने आई है। पुलिस वाहन के क्षतिग्रस्त होने से मुठभेड़ की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

पुलिस अब मुठभेड़ के दौरान इस्तेमाल किए गए हथियार, फायरिंग की परिस्थितियों और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।

SSP नैनीताल का स्पष्ट संदेश

मामले को लेकर SSP नैनीताल मंजुनाथ टीसी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की प्राथमिकता अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करने के साथ आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

चंदन सागर की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस उसके आपराधिक नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों के लिए एक कड़ा संदेश माना जा रहा है।

ADVERTISEMENTS
Deepak Manral
Deepak Manralhttp://creativenewsexpress.com
तीन दशकों के करीब का कार्यानुभव रखने वाले दीपक मनराल पत्रकारिता जगत का एक सम्मानित नाम हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत वर्ष 1996 में एक त्रैमासिक पत्रिका के सहयोगी संपादक के रूप में की थी। बीते 25 वर्षों में उन्होंने अमर उजाला, दैनिक भास्कर, दैनिक आज, उत्तरांचल दीप और चारधाम टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में 'ब्यूरो प्रमुख' की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभाई हैं। वर्तमान में वे 'गंगोत्री अक्षर उजाला पोस्ट' के संपादक हैं और सीएनई (CNE) मीडिया हाउस के संस्थापक व स्वामी के रूप में डिजिटल मीडिया को नई दिशा दे रहे हैं। अपनी निष्पक्ष और ईमानदार पत्रकारिता के लिए पहचाने जाने वाले मनराल आज भी प्रतिदिन 'ग्राउंड ज़ीरो' से जुड़कर सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं।
RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments