
अल्मोड़ा। मनिआगर से हल्द्वानी जा रही एक आल्टो कार अचानक मनिआगर से कुछ बाद चनोली मोटर मार्ग में अनियंत्रित होकर लगभग 90 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में हल्दूचौड़, हल्द्वानी निवासी एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। ? व्हाट्सएप ग्रुप click now ?
प्राप्त जानकारी के अनुसार आल्टो कार संख्या यूके 06 एएन 4836 में गिरीश चंद्र जोशी 44 वर्ष पुत्र तारा दत्त जोशी, हाल निवासी शिवालिकपुरम, हल्दूचौड़, हल्द्वानी तथा कौस्तुब जोशी 34 साल पुत्र एसडी जोशी आज मनिआगर से हल्द्वानी के लिए चले थे। वाहन कौस्तुब जोशी चला रहे थे। मनीआगर से कुछ आगे चनौली मार्ग में अचानक वह वाहन से नियंत्रण खो बैठे और कार गहरी खाई में जा गिरी।

इस बीच वहां से गुजर रहे भैसियाछाना ब्लॉक प्रमुख दीपक पांडेय पहले घायलों को बाड़ेछीना लाए, जहां से उन्हें अल्मोड़ा रेफर कर दिया गया। फिर 108 में बैठाकर उन्हें अल्मोड़ा के जिला अस्पताल लाया गया। जिला अस्पताल में डाक्टरों की टीम घायलों के उपचार में जुट गई। इस बीच घायल गिरीश चंद्र जोशी ने अस्पताल में ही दम तोड़ दिया। इधर पूर्व विधायक मनोज तिवारी मौके पर पहुंचे और उपचार को लेकर उन्होंने चिकित्सकों से बातचीत की।
एसआई श्याम बोरा पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और जरूरी कार्रवाई की। इधर बताया जा रहा है कि दोनों युवक मूल रूप से मनिआगर के निकट ही सैला गांव के रहने वाले हैं, लेकिन वर्तमान में हल्दूचौड़ रह रहे थे। वह गांव में अपनी रिश्तेदारी में मिलने आए थे। पुलिस द्वारा मृतक व घायल के हल्दूचौड़ रह रहे परिजनों को इस दुर्घटना के बावत सूचित कर दिया गया है।