राम भरोसे हुई अल्मोड़ा की यातायात व्यवस्था, देव भूमि ने दी आंदोलन की चेतावनी

सीएनई रिपोर्टर देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल अल्मोड़ा ने नगर में बिगड़ती यातायात व्यवस्था पर गहरा असंतोष जाहिर करते हुए पुलिस प्रशासन से तत्काल प्रभावी कदम…

सीएनई रिपोर्टर

देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल अल्मोड़ा ने नगर में बिगड़ती यातायात व्यवस्था पर गहरा असंतोष जाहिर करते हुए पुलिस प्रशासन से तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि सात दिन के भीतर व्यवस्था सही नही हुई तो तमाम संगठन एकजुट होकर आंदोलन का रूख अख्तियार करेंगे।

देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा पंकज भट्ट से मुलाकात करके यातायात व्यवस्था को लेकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि अल्मोड़ा में ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह बदहाल हो चुकी है। खास तौर पर एलआरसाह रोड से जाखनदेवी, शिखर तिराहा, कैंट रोड, धारानौला तक जहां—तहां आड़े—तिरछे वाहन खड़क के दोनों ओर खड़े रहते हैं। चौपहिया व दोपहिया वाहन चालक नियमों की खुलेआम अनदेखी कर रहे हैं और उन्हें रोकने—टोकने वाला कोई नही है। ऐसे में यदि आगजनी या कोई अन्य दुर्घटना घटित होती है तो बदहाल यातायात व्यवस्था राहत व बचाव कार्य में भी बड़ी समस्या पैदा कर सकती है।

उन्होंने कहा कि इसके अलावा पूर्व जिलाधिकारी के निर्देश के बावजूद लंबे समय से लावारिस खड़े वाहनों को भी हटाया नही गया है। जिससे जन मानस में नाराजगी बढ़ती जा रही है। वहीं नगर में अब तक हुई चोरियों का खुलासा भी नही हो सका है, जो अत्यंत चिंता का विषय है।

देवभूमि के नगर अध्यक्ष दीपेश चंद्र जोशी ‘देवा भाई’ ने कहा कि यदि सात दिन के भीतर व्यवस्था सही नही हुई तो देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल, विहिप, भारतीय गौरक्षा संघ व आम जनमानस एकजुट होकर आंदेालन व एसएसपी कार्यालय का घेराव करेंगे।

ज्ञापन देने वालों में जिलाध्यक्ष मनोज वर्मा, नगर अध्यक्ष दीपेश चंद्र जोशी ‘देवा भाई’, नगर उपाध्यक्ष गणेश चंद्र जोशी, जिला महासचिव युसुफ तिवारी, प्रदेश प्रवक्ता मंगल सिंह बिष्ट, नगर उपाध्यक्ष स्नेहा चौहान, नगर सचिव दीपक भट्ट, राजेंद्र प्रसाद आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *