— पंचायत चुनाव में मतदान केंद्रों पर दिव्यांग मतदाताओं को मिलेंगी सुविधाएं
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में जिले में 6 हजार से अधिक दिव्यांग मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे और उन्हें मतदान केंद्रों पर हर जरूरी सुविधा मुहैया होगी।
3 जुलाई 2025 तक अल्मोड़ा जनपद में कुल 6005 दिव्यांग मतदाता पंजीकृत हैं। इसके अलावा डीएम आलोक कुमार पांडे के निर्देश पर मतदाता सूची से वंचित दिव्यांग मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया प्राथमिकता से चल रही है। इससे दिव्यांग मतदाताओं की संख्या में वृद्धि के आसार हैं। दिव्यांग मतदाताओं को मतदान केंद्र पर जरूरी सुविधा व सुगम वातावरण दिया जाएगा। उनके लिए रैंप, व्हील चेयर, डोली, पेयजल व शौचालय की सुविधा मुहैया रहेगी। इंतजाम पूरे करने के निर्देश जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडे ने पिछले दिनों आयोजित ‘डिस्ट्रिक्ट मॉनिटरिंग कमेटी ऑन एक्सेसिबल इलेक्शन’ की बैठक में दिए।
डीएम ने कहा कि कोई भी पात्र दिव्यांग मतदाता मतदान से वंचित नहीं रहने पाए और समाज कल्याण विभाग से पेंशन प्राप्त करने वाले दिव्यांगजनों के डेटा का मिलान करते हुए उनकी सूची तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप चिन्हित स्थलों पर समस्त व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण कर ली जाएं। बैठक में एडीएम सीएस मरतोलिया, सीडीओ रामजीशरण शर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी आराधना त्रिपाठी व मुख्य शिक्षा अधिकारी अत्रेश सयाना समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

