★ मल्ला महल से भरी सफलता की उड़ान, सपनों को मिली दिशा
★ विशेष करियर काउंसिलिंग सत्रों में बताए कामयाबी से विविध मंत्र

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: यहां ऐतिहासिक मल्ला महल परिसर में सेवा, सुशासन एवं समर्पण की भावना से आयोजित बहुद्देश्यीय शिविर स्कूली बच्चों के लिए लाभकारी साबित हुआ, जहां से तमाम छात्र-छात्राएं भविष्य में सफलता की उड़ान भरने की सीख लेकर लौटे। दरअसल, इसी कार्यक्रम के तहत छात्र-छात्राओं के लिए करियर काउंसिलिंग का विशेष सत्र आयोजित किए गए। जहां उनके अंदर बेहतर भविष्य के लिए नई उमंग का संचार किया गया। साथ ही मुकाम हासिल करने के सूत्र बताए।
कैरियर काउंसिलिंग के सत्रों में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों एवं सफल उद्यमियों ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया और उन्हें अपना लक्ष्य तय करने की प्रेरणा देते हुए भविष्य की संभावनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। जिला प्रशासन की खास पहल के तहत आयोजित कैरियर काउंसलिंग सत्रों में उद्यमियों ने विद्यार्थियों को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों, व्यवसाय शुरू करने की प्रक्रिया तथा नवाचार के महत्व से अवगत कराया। वहीं विशेषज्ञों ने भारतीय सशस्त्र बलों में करियर बनाने के टिप्स दिए। इसके लिए इच्छुक विद्यार्थियों को सेना में भर्ती की तैयारी करने, आवश्यक योग्यताओं एवं अनुशासन के महत्व की जानकारी दी। इसके अलावा प्रशासनिक सेवाओं में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों को आईएएस एवं पीसीएस जैसी प्रतिष्ठित सेवाओं की तैयारी, अध्ययन रणनीति तथा सफलता के सूत्र बताए गए।
पर्यटन विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को पर्यटन एवं आतिथ्य क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी दी। यह समझाने का प्रयास किया कि स्थानीय संसाधनों को आजीविका से किस प्रकार जोड़ा जा सकता है। बच्चों ने विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। करियर काउंसलिंग सत्रों को लेकर छात्रों में विशेष उत्साह देखने को मिला। प्रशिक्षकों एवं सरकारी सेवाओं में नव चयनित अधिकारियों ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, करियर विकल्पों तथा सफलता के मूल मंत्र साझा किए। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने प्रश्नों के उत्तर प्राप्त किए।



