╰┈➤ विवेकानंद इंटर कालेज रानीधारा एवं जीआईसी हवालबाग में पौधारोपण कार्यक्रम

सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: यहां लोक पर्व ‘हरेला’ के उपलक्ष्य में विवेकानंद इंटर कालेज रानीधारा में शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने विविध प्रजाति के पौधों का रोपण करते हुए उनके संरक्षण का संकल्प लिया। हरेला पर्व की पूर्व संध्या पर आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम के जरिये पर्यावरण संरक्षण और हरित संस्कृति का संदेश दिया।
पौधों का रोपण विद्यालय के प्रधानाचार्य आलम सिंह उनियाल एवं पूर्व प्रधानाचार्य मोहन सिंह रावल के निर्देशन में चला। जिसमें फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधों का रोपण किया गया। इस मौके पर प्रधानाचार्य आलम सिंह उनियाल ने कहा कि हरेला पर्व केवल एक पारंपरिक उत्सव नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी आस्था और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाला महत्वपूर्ण पर्व है। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। इस मौके पर प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली और अपने आसपास के क्षेत्र को हरा-भरा बनाने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, एनसीसी कैडेटों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
जीआईसी हवालबाग में रोपे सदाबहार पौधे
हवालबाग: पीएम राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज हवालबाग में हरेला पर्व पर वृहत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित हुआ। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. कपिल नयाल के नेतृत्व में आयोजित पौंधरोपण कार्यक्रम में सदाबहार प्रजाति के 35 पौधों का रोपण विद्यालय परिसर में किया गया। इस मौके पर प्रधानाचार्य डा. नयाल ने बताया कि अधिकाधिक वृक्षारोपण करके ग्लोबल वार्मिंग तथा जलवायु परिवर्तन के प्रभाव को कम किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि पौधों को रोपित करने के साथ-साथ उन्हें संरक्षित करना भी आवश्यक है। इस मौके पर तेज पत्ता, बांज, सदाबहार, आंवला, मोरपंखी के पांच-पांच, कड़ी पत्ता के 6 और कनेर के 4 पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में विद्यालय के संजय पांडे, मधन सिंह, टीडी भट्ट, डॉ. निर्मल कुमार पंत, धन सिंह धौनी, प्रमोद पांडे, कमलेश जोशी, भगवत सिंह बगड्वाल, नवीन वर्मा, सुनीता बोरा, हिमांती टम्टा, भावना वर्मा, रेखा आर्या, राकेश कुमार एवं तृप्ति बोरा आदि शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी शामिल रहे।


