╰┈➤ साप्ताहिक अखबार ‘मानस विचार’ का भव्य आगाज, प्रवेशांक का विमोचन
सीएनई रिपोर्टर, अल्मोड़ा: बुद्धिजीवी एवं सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा में पत्रकारिता के क्षेत्र में एक नया साहसिक अध्याय जुड़ गया है। वरिष्ठ पत्रकार किशन चंद्र जोशी के संपादकत्व में नए साप्ताहिक अखबार ‘मानस विचार’ का प्रकाशन शुरू हो चुका है। आज बुधवार को अतिथियों व वरिष्ठ पत्रकारों ने हर्षित मन से अखबार के प्रवेशांक का विमोचन किया।
यहां नंदादेवी मंदिर के मंच पर आयोजित विमोचन कार्यक्रम में अतिथियों व वरिष्ठ पत्रकारों ने कहा कि जन सरोकार ही पत्रकारिता की आत्मा है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता को जन सरोकारों से जोड़ना ही आज की सबसे बड़ी जरूरत है, मगर मौजूदा दौर में जन सरोकार की पत्रकारिता करना वाकई एक बड़ी चुनौती है। फिर भी इस चुनौती का मुकाबला करते हुए पत्रकारिता के मूल्यों के लिए काम करना होगा। वक्ताओं ने कहा कि आजादी से पहले और आजादी के बाद समाचार पत्रों ने ही देश और समाज के विकास में बड़ा योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि इस दौर में अखबार का प्रकाशन हिम्मत का काम है और ऐसे दौर में संपादक किशन चंद्र जोशी का साहसिक कदम सराहनीय है। इसके लिए सभी ने किशन चंद्र जोशी को बधाई व शुभकामनाएं दीं। यह भी कहा गया कि लाख कोशिशों और डिजिटल युग की आंधी के बावजूद ग्रामीण पत्रकारिता और एक्टिविज्म मीडिया कभी अप्रासंगिक नहीं हो सकती। पहाड़ के गांव, कस्बों, किसानों, मजदूरों और आम आदमी की आवाज को उठाने के लिए ‘मानस विचार’ जैसे अखबारों की आज सबसे ज्यादा जरूरत है। उन्होंने आज पीढ़ियों के बीच खाई और नशे के बढ़ते प्रचलन पर विराम लगाने की जरूरत भी बताई।
वक्ताओं ने कहा कि ‘मानस विचार’ का नाम ही स्वयं में गहरा आशय लिये हुए है। जिसमें मानस का आशय ‘मन’ और विचार का आशय ‘समाज को दिशा देने वाली सोच’ है। सभी ने उम्मीद जताई कि यह अखबार पहाड़ की समस्याओं, संस्कृति, जन मुद्दों और विकास की स्थितियों को प्रमुखता से उजागर कर सच्ची पत्रकारिता की कसौटी पर खरा उतरेगा। अंत में संपादक किशन चंद्र जोशी ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर अतिथियों में शिक्षाविद् प्रो. इला साह, एसएसजे परिसर के छात्र अधिष्ठाता कल्याण, प्रो. संजीव आर्या, डॉ. दुष्यंत मैनाली, सामाजिक कार्यकर्ता एवं लेखक डा. निर्मल जोशी, सूचना विभाग के सेवानिवृत्त वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी शंकर दत्त पाण्डे, गायत्री परिवार के गणेश दत्त भटट, अमन संस्था के प्रमुख रघु तिवारी, तथा वरिष्ठ पत्रकार नवीन बिष्ट, पीसी तिवारी, प्रकाश पांडे, राजेंद्र रावत, पीसी तिवारी, सुरेश तिवारी, चंदन नेगी, चंद्रशेखर द्विवेदी, जगमोहन बिष्ट, मुकेश सक्टा, रमेश जोशी, प्रमोद जोशी, कमलेश कनवाल, मोहित अधिकारी, नसीम अहमद आदि अनेक लोग मौजूद रहे।









