सीमा में प्रवेश किया तो होगी तत्काल गिरफ्तारी
सोमेश्वर में 96 पाउच अवैध शराब के साथ एक गिरफ्तार
CNE REPORTER, अल्मोड़ा। जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अल्मोड़ा पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी क्रम में एक ओर कोतवाली अल्मोड़ा पुलिस ने आदतन अपराधी और हिस्ट्रीशीटर अजीम अंसारी को छह माह के लिए जिला बदर कर दिया है, वहीं दूसरी ओर कोतवाली सोमेश्वर पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान एक युवक को 96 पाउच माल्टा देसी अवैध शराब के साथ गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।

अल्मोड़ा पुलिस ने आदतन अपराधियों के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए हिस्ट्रीशीटर अजीम अंसारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के के निर्देशन में जनपद में अपराध नियंत्रण अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
17 जुलाई 2026 को अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी अल्मोड़ा बलवंत सिंह रावत के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अल्मोड़ा के नेतृत्व और धारानौला चौकी पुलिस की टीम ने आदतन अपराधी एवं हिस्ट्रीशीटर अजीम अंसारी पुत्र सफीक अंसारी, निवासी मल्ला दनिया, राजपुरा, कोतवाली अल्मोड़ा के विरुद्ध जिला बदर की कार्रवाई को अमल में लाया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के आपराधिक इतिहास और लगातार संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए उसके खिलाफ गुंडा नियंत्रण अधिनियम की धारा 2 एवं 3 के तहत विस्तृत आख्या जिला मजिस्ट्रेट अल्मोड़ा को भेजी गई थी। आख्या का परीक्षण करने के बाद जिला मजिस्ट्रेट ने आरोपी को छह माह के लिए जनपद अल्मोड़ा की सीमा से जिला बदर किए जाने के आदेश जारी किए।
जिला मजिस्ट्रेट के आदेश का पालन करते हुए कोतवाली अल्मोड़ा पुलिस ने नियमानुसार आरोपी के मोहल्ले में मुनादी कराई तथा उसे अल्मोड़ा जनपद की सीमा से बाहर क्वारब के रास्ते नैनीताल जनपद की सीमा तक छोड़कर जिला बदर की कार्रवाई पूरी की।
पुलिस ने आरोपी को स्पष्ट चेतावनी भी दी है कि अगले छह माह तक वह अल्मोड़ा जनपद की सीमा में प्रवेश नहीं करेगा। यदि निर्धारित अवधि के दौरान वह जिले की सीमा के भीतर पाया गया तो उसे तत्काल गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अल्मोड़ा, धारानौला चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक आनंद बल्लभ कश्मीरा सहित कोतवाली एवं चौकी का पुलिस बल शामिल रहा।
सोमेश्वर में बिना नंबर प्लेट स्कूटी से 96 पाउच अवैध शराब बरामद, आरोपी गिरफ्तार
जनपद में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली सोमेश्वर पुलिस को भी महत्वपूर्ण सफलता मिली है। 17 जुलाई 2026 को प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान कोसी पुल के पास बिना नंबर प्लेट की टीवीएस जूपिटर स्कूटी पर सवार एक युवक को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से 96 पाउच माल्टा देसी अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस ने तत्काल आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजय कनवाल उर्फ सोनू (32 वर्ष) पुत्र चंदन सिंह, निवासी सेनार, जिला अल्मोड़ा के रूप में हुई है।
कार्रवाई में पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन जोशी सहित कोतवाली सोमेश्वर का पुलिस बल शामिल रहा।



